

बीकानेर, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बीकानेर के करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बड़ी संख्या में लोगों के साथ योग किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बीकानेर शौर्य की भूमि है और यहां योग दिवस के अवसर पर उपस्थित होना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और तनावमुक्त जीवन का मार्ग भी प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। स्वामी विवेकानंद ने भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं को विश्व मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योग वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने श्री अन्न (बाजरा) से निर्मित योगासन आकृतियों की सराहना करते हुए पारंपरिक पौष्टिक आहार और स्वस्थ जीवनशैली के बीच संबंध को भी रेखांकित किया।
केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का अभिन्न अंग है। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही सशक्त समाज तथा विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है। योग व्यक्ति को अनुशासन, संयम और संतुलन का पाठ पढ़ाता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव