ट्रंप की धमकी पर ईरान का कड़ा विरोध, वार्ता के बीच बढ़ा तनाव

युगवार्ता    21-Jun-2026
Total Views |

जिनेवा/वॉशिंगटन, 21 जून (हि.स.)। स्विट्जरलैंड में जारी अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता के दौरान दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दिया है। ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है और संभावित जवाबी कदमों पर विचार शुरू कर दिया है।

ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, वार्ता में शामिल ईरानी प्रतिनिधियों ने अमेरिकी पक्ष के समक्ष औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई है। रिपोर्टों के मुताबिक, तेहरान का मानना है कि इस प्रकार की सार्वजनिक चेतावनियां और कड़े बयान कूटनीतिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं।

विवाद उस समय बढ़ा जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक साक्षात्कार में होर्मुज जलडमरूमध्य का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि ईरान के साथ समझौता नहीं हो पाता है तो अमेरिका क्षेत्र में और कठोर कदमों पर विचार कर सकता है। उन्होंने ईरानी अधिकारियों के लिए सख्त भाषा का भी इस्तेमाल किया, जिससे दोनों देशों के बीच चल रही वार्ता पर दबाव बढ़ गया है।

होर्मुज जलडमरूमध्य विश्व ऊर्जा व्यापार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग माना जाता है। वैश्विक तेल आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से होकर गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र को लेकर किसी भी प्रकार की राजनीतिक या सैन्य बयानबाजी का अंतरराष्ट्रीय बाजार और क्षेत्रीय सुरक्षा पर प्रभाव पड़ सकता है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags