
जयपुर, 21 जून (हि.स.)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन से जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने सीकर जिले के खाटूश्यामजी क्षेत्र में सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि नया स्टेशन खाटूश्यामजी से लगभग 11 किलोमीटर दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि का चयन कर लिया गया है तथा अगले 12 महीनों में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा दरभंगा सांसद गोपाल ठाकुर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन बनने से खाटूश्यामजी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि जयपुर में विकसित मेगा कोचिंग टर्मिनल रेलवे अधोसंरचना को नई मजबूती प्रदान करेगा, जहां लगभग 450 रेलगाड़ियों का अनुरक्षण किया जा सकेगा। इससे परिचालन दक्षता बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर रेल मंत्री ने 205 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक मेगा कोचिंग टर्मिनल का भी लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि यहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित अधोभाग जांच प्रणाली, डिब्बा अवतरण गड्ढा मशीन, समकालिक डिब्बा उत्थापन प्रणाली तथा स्वचालित डिब्बा धुलाई संयंत्र जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिनसे रेलगाड़ियों के अनुरक्षण की गुणवत्ता और क्षमता दोनों में वृद्धि होगी।
वैष्णव ने सीकर रेलवे स्टेशन पर नई अनुरक्षण लाइन के निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इससे रेलगाड़ियों की सफाई, तकनीकी जांच और रखरखाव की सुविधाएं सुदृढ़ होंगी तथा भविष्य में नई रेल सेवाओं के संचालन और क्षेत्रीय रेल संपर्क विस्तार को गति मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि बिहार के लिए सीधी रेल सेवा की लंबे समय से मांग थी, जो अब पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि जयपुर और दरभंगा के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा रोजगार, शिक्षा, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि नई रेल सेवाएं विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को गति देने वाली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। वर्ष 2009 से 2014 के दौरान राजस्थान को रेलवे के लिए औसतन 682 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जो वर्ष 2026-27 में बढ़कर 10,228 करोड़ रुपये हो गया है। वर्तमान में राजस्थान में 76,800 करोड़ रुपये से अधिक लागत की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से बिहार और राजस्थान के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा बिहार के लाखों नागरिकों के लिए राजस्थान की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुविधाजनक बनेगी। कार्यक्रम के दौरान बीकानेर-साबरमती रेल सेवा को भी रवाना किया गया। बड़ी संख्या में रेल यात्रियों, जनप्रतिनिधियों तथा रेलवे अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि खातीपुरा-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। ट्रेन संख्या 19725 खातीपुरा से शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन रात्रि 10:30 बजे रवाना होकर तीसरे दिन रात्रि 12:55 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 19726 दरभंगा से रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन प्रातः 4:30 बजे रवाना होकर अगले दिन प्रातः 8:40 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर