राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और अमित शाह ने लखनऊ अग्निकांड पर जताया शोक

युगवार्ता    22-Jun-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा शोक व्यक्त किया है तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि लखनऊ में आग लगने के कारण हुआ हादसा अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। शाह ने ईश्वर से शोकाकुल परिवारों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags