तमिलनाडु गैस रिसाव मामले का मानवाधिकार आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान

युगवार्ता    22-Jun-2026
Total Views |
तमिलनाडु गैस रिसाव (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक झींगा प्रसंस्करण कारखाने में अमोनिया गैस रिसाव मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। इस हादसे में दो महिला श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक कर्मचारी बीमार पड़ गए। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

प्रकाशित खबरों के अनुसार यह हादसा रविवार (21 जून) को उस समय हुआ, जब कारखाने के कर्मचारी पास के ही एक कमरे में आराम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया और जहरीली गैस उस कमरे में फैल गई। गैस के प्रभाव से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कमरे में मौजूद अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। हादसे के तुरंत बाद 59 श्रमिकों को चेन्नई और तिरुवल्लूर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

आयोग ने रिपोर्ट में श्रमिकों के स्वास्थ्य की स्थिति के साथ-साथ, मृतक श्रमिकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से दिए जाने वाले मुआवजा का विवरण भी शामिल करने का निर्देश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags