प्रो बॉक्सिंग लीग छह जुलाई से, देश के सर्वश्रेष्ठ 32 मुक्केबाज़ लेंगे भाग

युगवार्ता    22-Jun-2026
Total Views |
इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन  के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र


इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (IABF) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र


प्रो बॉक्सिंग लीग


नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। मुक्केबाज़ी के इतिहास में पहली बार प्रो बॉक्सिंग लीग (पीबीएल) का आयोजन छह से 10 जुलाई तक तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। लीग के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिसमें चार फ्रेंचाइज़ी टीमों ने कुल 32 मुक्केबाज़ों का चयन किया है।

खिलाड़ियों के चयन के दौरान कोमलप्रीत कौर सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाली मुक्केबाज़ रहीं। उन्हें मध्य महायोद्धा टीम ने 28 लाख प्वाइंट्स के साथ अपने दल में शामिल किया। इस लीग में खिलाड़ियों की पारंपरिक नीलामी के बजाय उनके प्रदर्शन के आधार पर प्वाइंट सिस्टम के माध्यम से चयन किया गया।

सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (आईएबीएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने बताया कि खिलाड़ियों के चयन के लिए पिछले एक वर्ष के दौरान विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन्हीं प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर उन्हें लीग के लिए चुना गया है।

उन्होंने कहा कि लीग में चार टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें मुंबई मुक्केबाज़, ईस्टर्न योद्धा, मध्य महायोद्धा और पंजाब पिंड पहलवान शामिल हैं। प्रत्येक टीम में आठ खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिससे कुल 32 मुक्केबाज़ इस ऐतिहासिक लीग का हिस्सा बनेंगे।

डॉ. राकेश मिश्र ने कहा, “प्रो बॉक्सिंग लीग भारतीय मुक्केबाज़ी के लिए एक नए युग की शुरुआत है। यह देश की पहली फ्रेंचाइज़ी आधारित प्रो बॉक्सिंग लीग है, जो खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा और पहचान प्रदान करेगी।” डॉ. मिश्र ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी आयोजन का संचालन शाश्वत भारत इन्फो सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। लीग के लिए देशभर में तीन चयन ट्रायल एवं चयन शिविर आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से पुरुष एवं महिला वर्ग के उत्कृष्ट मुक्केबाज़ों का चयन किया गया है। इन खिलाड़ियों को अब प्रो बॉक्सिंग लीग के मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

लीग के आयोजन से जुड़े साश्वत भारत के प्रमुख शशिकांत मिश्र ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल मुकाबलों का आयोजन करना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की समग्र ग्रूमिंग और ब्रांड निर्माण भी है। इसके तहत मुक्केबाज़ों के प्रोफाइल शूट, उनकी प्रेरणादायक सफलता की कहानियों और पेशेवर प्रस्तुति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बुक माई शो की विशेषज्ञ टीम खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने में सहयोग करेगी। छह जुलाई को लीग का शुभारंभ एक भव्य रंगारंग समारोह के साथ होगा। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक जियो हॉटस्टार पर सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिससे देशभर के खेल प्रेमी इस आयोजन का आनंद उठा सकेंगे।

आईएबीएफ के महासचिव राकेश ठाकरान ने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भारतीय मुक्केबाज़ी को वैश्विक पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण अभियान है।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह लीग देश की प्रमुख खेल लीगों में शामिल होगी और यहीं से भारतीय मुक्केबाज़ी के नए सितारे तथा भविष्य के ओलंपिक पदक विजेता तैयार होंगे।

इस बीच, आयोजन की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए डॉ. राकेश मिश्र ने खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही विश्वस्तरीय सुविधाओं, आवास, प्रशिक्षण, सुरक्षा और प्रसारण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह लीग देश के प्रतिभाशाली मुक्केबाज़ों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और भारतीय मुक्केबाज़ी को नई दिशा प्रदान करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags