नेशंस कप जीतने पर कप्तान सलीमा टेटे ने कहा-हम ट्रॉफी जीतने के लक्ष्य के साथ उतरे थे, खुशी है ऐसा कर पाए

युगवार्ता    22-Jun-2026
Total Views |
भारतीय महिला हॉकी टीम


ऑकलैंड, 22 जून (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने एफआईएच महिला नेशंस कप न्यूज़ीलैंड 2025-26 का खिताब जीतने के बाद कहा कि टीम शुरुआत से ही ट्रॉफी जीतने के स्पष्ट लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी थी। भारत ने फाइनल में मेज़बान न्यूज़ीलैंड को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया और इसके साथ अगले सत्र की एफआईएच प्रो लीग में भी जगह सुनिश्चित कर ली।

भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही। टीम ने लीग चरण में अमेरिका, जापान और उरुग्वे को हराया, सेमीफाइनल में चिली को पराजित किया और फिर फाइनल में न्यूज़ीलैंड को मात देकर खिताब जीता। खिताबी मुकाबले में भारत ने तेज शुरुआत की। नवनीत कौर ने चौथे मिनट में पहला गोल किया, जबकि सुनेलिता टोप्पो ने 15वें मिनट में बढ़त दोगुनी कर दी। भारतीय टीम ने इसके बाद मजबूत रक्षण के दम पर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

जीत के बाद कप्तान सलीमा टेटे ने हॉकी इंडिया की ओर से सोमवार को जारी एक बयान में कहा, “यह ट्रॉफी उठाना शानदार अहसास है। हमारी पूरी टीम ने इस उपलब्धि के लिए कड़ी मेहनत की। हम इस प्रतियोगिता में ट्रॉफी जीतकर भारत लौटने के लक्ष्य के साथ उतरे थे। प्रो लीग में वापसी हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण थी और हमें खुशी है कि हमने अपना उद्देश्य हासिल किया।”

उन्होंने आगे कहा कि आगामी विश्व कप से पहले यह जीत टीम के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा, “विश्व कप से पहले यह सफलता हमें नई ऊर्जा और विश्वास देगी। टीम इस समय मजबूत मानसिकता के साथ खेल रही है और यह जीत आगे की तैयारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।”

मुख्य कोच सजॉर्ड मारिजन ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया और दबाव के बीच फाइनल जीतना खिलाड़ियों की मानसिक मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने भारतीय टीम के अनुशासित रक्षण और पेनाल्टी कॉर्नर पर बेहतर प्रदर्शन की भी सराहना की।

भारतीय टीम की इस उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने प्रत्येक खिलाड़ी को तीन लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को डेढ़ लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags