







-अयोध्या धाम के 11 संत चरणों ने पूजन कर ध्वज आरोहित किया
-हृदय विदारक घटना के प्रति उपमुख्यमंत्रियों के दायित्वबोध की सराहना
-अंतरराष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय के लिए सौंपी प्राचीन पंडुलिपि
अयोध्या, 23 जून (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा मंगलवार को श्री राम जन्मभूमि परिसर में स्थापित शेषावतार मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया गया। आज के समारोह में लगभग 04 हजार रामभक्त कार्यक्रम के साक्षी बने। ध्वजारोहण कार्यक्रम में संतों के द्वारा पूजित ध्वज मंदिर शिखर पर आरोहित किया।
उल्लेखनीय है कि आज के समारोह में प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री को समरोह में आमंत्रित किया गया था, लेकिन राजधानी लखनऊ में घटित हृदय विदारक अग्निकांड के कारण उनका प्रस्तावित कार्यक्रम भी निरस्त कर दिए गए थे। अग्निकांड के कारण 23 जून को भाजपा के सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
समारोह में अग्निकांड में मृतकों की आत्मा की सद्गति व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रभु श्रीरामलला के श्री चरणों में प्रार्थना की गई। साथ ही दुखी परिवारीजनों, संबंधियों, मित्रों को धैर्य व साहस प्रदान करने की प्रभु से कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान संग्रहालय के लिए राम से संबंधित प्राचीन पंडुलिपि भी सौंपी गई।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित शेषावतार मंदिर शिखर पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अयोध्या धाम के 11 संत चरणों ने ध्वज पूजन किया। इस दौरान अयोध्या के जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
शेषावतार मंदिर शिखर पर जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य महाराज, महंत रामानंद दास महाराज, अधिकारी संत राजकुमार दास जी महाराज, ट्रस्ट सदस्य महंत दिनेंन्द्र दास महाराज, महंत शशिकान्त दास , ज्ञानी गुरजीत सिंह, महंत रामकुमार दास महाराज, महंत रामानुजदास महाराज, महंत रघुबीरशरण महाराज, महंत गिरीश दास महाराज व महंत अवधेश दास शास्त्री महाराज ने शिष्यों के साथ ध्वज पूजन कर ध्वज आरोहित कराया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी रामभक्तों को समापन पर अल्पाहार व घर ले जाने के लिए प्रसाद का वितरण किया गया। उपस्थित सभी भक्तों ने श्रीरामलला, श्रीराम परिवार मंदिरों के साथ परकोटा सहित अन्य मंदिरों के भी दर्शन पूजन किए। इस दौरान अयोध्या नगर के कुमारगंज निवासी जंगबहादुर सिंह ने लगभग 300 सौ साल पुरानी राम से संबंधित आध्यात्मिक ग्रंथ अंतरराष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय के लिए संत चरण के हाथों में सौंपी।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ट्रस्ट महासचिव चम्पत राय, न्यासी अनिल मिश्र, गोपाल राव, रामशंकर, धनंजय पाठक, वीरेंद्र वर्मा, कारसेवकपुरम प्रभारी शिवदास सिंह, धीरेश्वर वर्मा, संजीव सिंह, आदित्य मौजूद रहे और व्यवस्था का कुशल संचालन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय