पाकिस्तान पहुंचे ईरानी राष्ट्रपति, शांति समझौते और क्षेत्रीय सुरक्षा पर हुई चर्चा

युगवार्ता    23-Jun-2026
Total Views |
एक दिवसीय यात्रा पर पाकिस्तान पहुंचे ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने पाक राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और अन्य से मुलाकात की।


वॉशिंगटन/तेहरान, 23 जून (हि.स.)। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान मंगलवार को एक दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर पाकिस्तान पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर से अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों में क्षेत्रीय सुरक्षा, पश्चिम एशिया की स्थिति और हालिया कूटनीतिक घटनाक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई।

पाकिस्तानी नेतृत्व ने हालिया क्षेत्रीय तनाव के बाद ईरानी राष्ट्रपति की इस यात्रा को महत्वपूर्ण बताया। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने उनका स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी संवाद क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता का मार्ग प्रशस्त करेगा।

बैठकों के दौरान दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय सहयोग, द्विपक्षीय संबंधों और पश्चिम एशिया में बदलते हालात पर विचार-विमर्श किया। ईरानी राष्ट्रपति ने वार्ता प्रक्रिया में पाकिस्तान की भूमिका की सराहना करते हुए दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बातचीत में आर्थिक, सुरक्षा और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई। दोनों देशों ने पारस्परिक हितों के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

राष्ट्रपति पजशकियान की यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। उनके विमान के पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने पर लड़ाकू विमानों ने औपचारिक एस्कॉर्ट प्रदान किया। राजधानी इस्लामाबाद के कई संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और कुछ इलाकों में यातायात तथा प्रशासनिक गतिविधियों पर भी प्रभाव पड़ा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags