पश्चिम बंगाल के दो युवा साधक नेपाल में होने वाली अंतरराष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व

युगवार्ता    23-Jun-2026
Total Views |
प्रथम जाना और श्रीलेखा दास को सम्मानित करते एगरा थाना के अधिकारी


पूर्व मेदिनीपुर, 23 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के एगरा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। एगरा के दो युवा योग साधक, प्रथम जाना (11) और श्रीलेखा दास (16), आगामी 26 से 29 जून तक नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

दोनों प्रतिभागियों का चयन उनकी उत्कृष्ट योग प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के आधार पर किया गया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एगरा थाना की ओर से आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लेते समय उन्होंने अपने अद्भुत कौशल और योग के प्रति समर्पण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। उनकी इसी प्रतिभा और कड़ी मेहनत ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर दिलाया है।

प्रथम जाना और श्रीलेखा दास की इस उपलब्धि से एगरा सहित पूरे पूर्व मेदिनीपुर जिले में उत्साह और गर्व का माहौल है। उनके परिवार के सदस्य, शिक्षक, प्रशिक्षक तथा स्थानीय निवासी उनकी सफलता से बेहद प्रसन्न हैं और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।

पूर्व मेदिनीपुर जिला पुलिस ने भी दोनों युवा योग साधकों को शुभकामनाएं और बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। जिला पुलिस ने विश्वास व्यक्त किया है कि दोनों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और समर्पण के बल पर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करेंगे तथा भारत के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और पूर्व मेदिनीपुर जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

खेल और सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि प्रथम और श्रीलेखा की यह सफलता जिले के अन्य बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उनकी उपलब्धि से योग के प्रति नई पीढ़ी का आकर्षण बढ़ेगा और युवा इस प्राचीन भारतीय विद्या को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।

काठमांडू में आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जहां भारत की ओर से प्रतिनिधित्व करने वाले ये दोनों युवा योग साधक देश की योग परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Tags