मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई शहरों में भारी बारिश से जलभराव, कई जिलों में रेड एलर्ट

युगवार्ता    24-Jun-2026
Total Views |
फोटो: भारी बारिश से मुंबई में जलभराव का दृश्य


मुंबई, 24 जून (हि.स.)। मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई शहरों में बुधवार को तड़के से हो रही भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने आज मुंबई , पालघर जिलों में रेड एलर्ट घोषित किया है, जिससे इन जिलों में तेज हवा के साथ भारी बारिश की संभावना है। भारी बारिश से सड़कों पर हुए जलभराव से कामकाजी लोगों को भारी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।

मुंबई शहर की महापौर रीतू तावड़े ने आज बताया कि मुंबई में कुल २०८ मिलीमीटर(मिमी) बारिश दर्ज की गई है। इनमें मुंबई पश्चिम उपनगर में १९५ और मुंबई पूर्व उपनगर में १६७ मिमी बारिश दर्ज हुई है। इससे मुंबई कई इलाके जलमग्र हैं, सभी जगह पंपिंग के सहयोग से जल निकासी का काम जारी है। महापौर ने बताया कि सायन, किंगसर्कल, दादर, लालबाग, अंधेरी सब वे, सांताक्रुज सबवे सहित कई इलाके अभी भी जलमग्र हैं, जबकि सायन के गांधी नगर में जल निकासी कर दी गई है। महापौर ने यह भी कहा कि कम समय में ज्यादा बारिश की वजह से जलभराव की समस्या सामने आई है, इससे निपटने का प्रयास निकट भविष्य में किया जाएगा।

भारी बारिश की वजह से मुंबई शहर की लाइफ लाइन कहीं जाने वाले लोकल ट्रेन सेवा, वाशी ट्रांस हार्बर सेवा, मेट्रो सेवा के साथ सड़कों पर बस सेवा और यातायात प्रभावित हुआ है। हालांकि ये सेवाएं काफी मशक्कत के बाद फिर शुरु हो गई हैं।

भारतीय मौसम विभाग ने आज मुंबई, रत्नागिरी और पालघर जिलों के लिए रेड एलर्ट और ठाणे, रायगढ़ , सिंधुदूर्ग जिलों के लिए ओरेंज एलर्ट जारी किया है। साथ आज समुद्र में ३.४१ मीटर का ज्वार भी आने के साथ ही ८० किलोमीटर से भी तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। इस चेतावनी के बाद इन जिलों के जिलाधिकारियों को प्रशासन की ओर सतर्क रहने की सूचना दी गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले २४ घंटों में मुंबई के राममंदिर में 224 मिमी, कुलाबा में 218.5 मिमी, सांताक्रूज़ में 210.6 मिमी, सायन में 182.5 मिमी, विक्रोली में 181.7 मिमी, विद्याविहार में 180.7 मिमी और चेंबूर में 180.7 बारिश दर्ज की गई है।

स्थानीय सूत्रों ने बताया कि मुंबई और पश्चिमी उपनगरों में आधी रात से हो रही भारी बारिश की वजह से दादर और किंग सर्कल इलाके में पार्क की गई कार पर पेड़ गिर गया, कार क्षतिग्रस्त हो गई। मुंबई नगर निगम की टीम ने पेड़ हटा दिया है, इसी तरह विक्रोली इलाके मेंभारी बारिश की वजह एक घर की दीवार गिर गई, लेकिन इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

वसई विरार में रात से ही भारी बारिश हो रही है। इसके कारण कई निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है। नालासोपारा के सेंट्रल पार्क, तुलिंज, स्टेशन क्षेत्र, गाला नगर, अचोले रोड के साथ-साथ विरार और वसई के कई निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है। बारिश अभी भी जारी है। अगर बारिश की तेज़ी जारी रही तो निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के घरों में पानी घुस सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Tags