जल सुरक्षा और किसानों के हितों के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध : सीआर पाटिल

युगवार्ता    25-Jun-2026
Total Views |
ತುಂಗಭದ್ರಾ ಗೇಟ್ ಉದ್ಘಾಟನೆ


विजयनगर, 25 जून (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने गुरुवार को कर्नाटक के ऐतिहासिक तुंगभद्रा बांध में स्थापित 33 नए जल निकासी द्वारों (स्पिलवे गेट्स) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू तथा तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी भी उपस्थित रहे।

आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सीआर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश की जल सुरक्षा को मजबूत बनाने, सिंचाई क्षमता का विस्तार करने तथा किसानों के हितों की रक्षा करने के उद्देश्य से आधुनिक जल अवसंरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कहा कि तुंगभद्रा बांध में नए स्पिलवे गेट्स की स्थापना और उनके लोकार्पण से कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की जल प्रबंधन व्यवस्था तथा सिंचाई प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी। इससे लाखों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचेगा और कृषि क्षेत्र को स्थिर एवं विश्वसनीय जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कर्नाटक प्रवास के दौरान उन्होंने डीके शिवकुमार, चंद्रबाबू नायडू और रेवंत रेड्डी के साथ जल शक्ति मंत्रालय से संबंधित विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्यों के साथ सहयोग और समन्वय के माध्यम से जल संरक्षण, जल सुरक्षा और मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से तथा निर्धारित समय सीमा में लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्हाेंने कहा कि देश की प्रत्येक बूंद जल का समुचित उपयोग सुनिश्चित करना, जल संसाधनों का संरक्षण करना तथा किसानों को भरोसेमंद सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराना केंद्र सरकार का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और आधुनिक तकनीक के उपयोग से कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने विश्वास व्यक्त किया कि तुंगभद्रा बांध में लगाए गए नए जल निकासी द्वार क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे तथा तीनों राज्यों के किसानों के लिए दीर्घकालिक लाभ का माध्यम बनेंगे। कार्यक्रम के दौरान जल संसाधन प्रबंधन, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार तथा राज्यों के बीच समन्वय को लेकर भी चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Tags