राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026: 10 जुलाई तक आवेदकों के लिए खुला रहेगा पोर्टल

युगवार्ता    25-Jun-2026
Total Views |
लोगो


नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। देश के उत्कृष्ट और समर्पित शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन और नामांकन आमंत्रित किए हैं।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इस संबंध में विस्तृत दिशानिर्देश और समयसीमा जारी कर दी है। इन पुरस्कारों का मुख्य उद्देश्य स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने और छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने में शिक्षकों के बेजोड़ योगदान को मान्यता देना है। इसमें केंद्र सरकार, राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासनों और स्थानीय निकायों द्वारा संचालित विद्यालयों के शिक्षक आवेदन कर सकते हैं।

इसके अलावा, मान्यता प्राप्त बोर्डों से संबद्ध सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कार्यरत पात्र शिक्षक भी तय प्रावधानों के तहत आवेदन के योग्य हैं।

पुरस्कार प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए शिक्षा मंत्रालय ने कई कार्यक्रम निर्धारित किये हैं। इनमें पात्र शिक्षक 10 जुलाई तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। इनमें स्वयं-नामांकन की अंतिम प्रस्तुति (11-13 जुलाई), जिला, क्षेत्रीय चयन के आधार पर चयन प्रक्रिया समितियों के लिए अंतिम तिथि (14-21 जुलाई), राज्य/संगठन चयन के आधार पर चयन प्रक्रिया समितियों के लिए (22-29 जुलाई) तथा पुरस्कार समारोह (4-5 सितम्बर) सहित बीच में कई और कार्यक्रम भी शामिल हैं।

विस्तृत दिशानिर्देश, पात्रता मानदंड, मूल्यांकन प्रक्रिया और अन्य जानकारियों के लिए आवेदक आधिकारिक पोर्टल पर जा सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रतिवर्ष उन शिक्षकों को प्रदान किए जाते हैं जिन्होंने स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में न केवल उत्कृष्टता हासिल की है बल्कि अपने शिक्षण में नवाचार और कर्तव्य के प्रति अद्वितीय प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags