नवीन पटनायक ने अटकलों पर लगाया विराम, कहा- 2029 के चुनाव में मैं ही करूंगा बीजद का नेतृत्व

युगवार्ता    25-Jun-2026
Total Views |
मीडिया से बातचीत  करते हुए नवीन पटनायक


भुवनेश्वर, 25 जून (हि.स.)। बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि वर्ष 2029 के आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व वही करेंगे। उनके इस बयान के साथ ही पूर्व आईएएस अधिकारी सुजाता कार्तिकेयन को पार्टी के भविष्य के चेहरे के रूप में पेश किए जाने संबंधी अटकलों पर विराम लग गया है।

बीजद मुख्यालय शंख भवन में पूर्व आईएएस अधिकारी सुजाता कार्तिकेयन को पार्टी की सदस्यता दिलाने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नवीन पटनायक ने अपनी मंशा साफ कर दी।

सुजाता कार्तिकेयन के बीजद में शामिल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि पूर्व नौकरशाह एवं वी.के. पांडियन की पत्नी सुजाता को वर्ष 2029 के चुनावों के लिए पार्टी के संभावित नेतृत्व के रूप में तैयार किया जा सकता है। हालांकि, नवीन पटनायक के ताजा बयान ने इन सभी अटकलों को खारिज कर दिया है।

मीडिया से बातचीत में पटनायक ने कहा, “मैं मीडिया और सभी लोगों की जानकारी के लिए एक बार फिर दोहराना चाहता हूं कि अगले चुनाव में बीजू जनता दल का नेतृत्व मैं ही करूंगा। मैं इसे पूरी तरह स्पष्ट कर देना चाहता हूं।”

इससे पहले दिन में नवीन पटनायक ने शंख भवन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई थी, जहां उन्होंने सुजाता कार्तिकेयन का औपचारिक रूप से पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Tags