
नई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वानुमान जारी किया है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भीषण लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून के देश के कई और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में शनिवार और रविवार को दोपहर और शाम के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 29 जून को भी मौसम का यही रुख बना रहेगा, हालांकि हवाओं की गति कुछ कम हो सकती है। तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने आज के लिए भी राजधानी में तेज हवाओं और छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान जताया था, लेकिन दिनभर उमस और तेज गर्मी का असर बना रहा।
आईएमडी के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार के शेष हिस्सों तथा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि इस सप्ताह पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में व्यापक स्तर पर भारी वर्षा होने की संभावना है। 27 से 29 जून के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में अगले छह दिनों के दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत में 27 से 30 जून के बीच हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, 27 से 29 जून के दौरान उत्तराखंड में भी वर्षा का दौर जारी रह सकता है। पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में 27 जून से 2 जुलाई के बीच, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 जून से 2 जुलाई तक बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 से 30 जून के दौरान वर्षा की संभावना के बावजूद कुछ क्षेत्रों में 27 और 28 जून को लू चल सकती है तथा 27 जून को कहीं-कहीं भीषण लू पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। ओडिशा में भी 27 जून को गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।
तापमान के पूर्वानुमान के अनुसार, महाराष्ट्र में 29 जून तक अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है, जिसके बाद इसमें कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। मध्य भारत में 28 और 29 जून के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने तथा उसके बाद इतनी ही गिरावट आने की संभावना है। वहीं, देश के अधिकांश अन्य हिस्सों में 2 जुलाई तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी