प्रतिबंधित आतंकी संगठन जेएमबी के मॉड्यूल पर एनआईए ने 11 आरोपितों के खिलाफ दाखिल किया आरोपपत्र

युगवार्ता    26-Jun-2026
Total Views |
भागड में एनआईए की टीम


कोलकाता, 26 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमातुल मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के एक सहयोगी मॉड्यूल से जुड़े आतंकी षड्यंत्र मामले में 11 आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। यह आरोपपत्र असम के गुवाहाटी स्थित विशेष न्यायालय में भारतीय न्याय संहिता, 2023 तथा गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम, 1967 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रस्तुत किया गया है।

एनआईए आज सुबह जारी बयान के अनुसार, जांच में सामने आया है कि इमाम महमूदर काफिला नामक संगठन, जिसे जमातुल मुजाहिदीन बांग्लादेश का एक स्वरूप बताया गया है, पश्चिम बंगाल तथा पूर्वोत्तर राज्यों विशेषकर असम और त्रिपुरा में अपने आतंकी विचारों और नेटवर्क का विस्तार करने की साजिश रच रहा था।

जांच एजेंसी के मुताबिक, इस षड्यंत्र के तहत संगठन की कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार, युवाओं का उग्रपंथीकरण तथा भारत में संगठन का नेटवर्क मजबूत करने की कोशिश की जा रही थी। जांच में यह भी पता चला कि इमाम महमूद हबीबुल्लाह, जो जमातुल मुजाहिदीन बांग्लादेश का वरिष्ठ सदस्य है, ने भारतीय क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों को बढ़ाने के उद्देश्य से इमाम महमूदर काफिला की स्थापना की थी।

एनआईए के अनुसार, आरोपित गुप्त बैठकों, मजहबी वैचारिक कार्यक्रमों, कट्टरपंथी साहित्य के प्रसार तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए भारत विरोधी प्रचार में शामिल थे। साथ ही वे संगठन के नेतृत्व के प्रति निष्ठा बढ़ाने और नए लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रहे थे। आरोपपत्र में शामिल प्रमुख आरोपितों में नसीमुद्दीन को असम में और जागिर मियां को त्रिपुरा में संगठन की गतिविधियों का प्रमुख संचालक बताया गया है।

जांच के दौरान एनआईए ने कई आपत्तिजनक दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा डिजिटल अभिलेख बरामद किए हैं, जिन्हें आरोपितों के खिलाफ साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags