दक्षिण कोरिया और जापान एआई समेत रक्षा क्षेत्र में आपसी सहयोग पर सहमत

युगवार्ता    28-Jun-2026
Total Views |
सियोल में कोरिया के रक्षा मंत्री आन ग्यू और जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी एक-दूसरे से हाथ मिलाते हुए


सियोल, 28 जून (हि.स.)। दक्षिण कोरिया और जापान के शीर्ष रक्षा अधिकारियों ने रविवार को आपसी सहयोग मजबूत करने के लगातार प्रयासों को जारी रखने पर सहमति जताई। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) भी शामिल है।

दक्षिण कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी योनहाप न्यूज ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि सियोल में दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री आन ग्यु-बैक और जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी के बीच बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। दोनों देश बेहतर होते द्विपक्षीय संबंधों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करना चाहते हैं।

बातचीत के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया, दक्षिण कोरिया की 'ब्लैक ईगल्स' और जापान की 'ब्लू इम्पल्स' के बीच आदान-प्रदान और सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति हुई। वे समुद्री आपातकालीन स्थितियों के लिए खोज और बचाव अभ्यास को और विकसित करने तथा एआई सहित एडवांस्ड साइंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में अधिक सहयोग को बढ़ावा देने पर भी सहमत हुए।

दो दिनों की यात्रा पर सियोल पहुंचे कोइजुमी की रक्षा मंत्री के तौर पर यह पहली यात्रा थी। इससे पहले जनवरी में आन ने जापान जाकर अपने समकक्ष से बातचीत की थी।

उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हुई है जब दक्षिण कोरिया और जापान रक्षा संबंधों में बनी सकारात्मक गति को आगे बढ़ाते हुए अपने सहयोग को और मजबूत करना चाहते हैं। वहीं, सीधे सैन्य आदान-प्रदान को कई दक्षिण कोरियाई लोग संवेदनशील मानते हैं क्योंकि 1910-45 के दौरान कोरिया पर जापान का औपनिवेशिक शासन रहा था।

इस महीने की शुरुआत में, दोनों देशों ने 9 साल में पहली बार अपना संयुक्त समुद्री खोज और बचाव अभ्यास (सारेक्स) फिर से शुरू किया। यह अभ्यास 2018 में हुए उस विवाद को सुलझाने के बाद शुरू हुआ, जिसमें जापान के एक गश्ती विमान ने दक्षिण कोरियाई युद्धपोत के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ान भरी थी। दाेनाें देशाें के बीच सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता को भी एक सकारात्मक कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

जापान ने पिछले साल नवंबर में 'ब्लैक ईगल्स' को ईंधन भरने में मदद देने से इनकार कर दिया था। उसने तर्क दिया था कि विमानों में से एक ने दक्षिण कोरिया के सबसे पूर्वी द्वीप समूह 'दोकदो' के ऊपर नियमित अभ्यास में हिस्सा लिया था। जापान लंबे समय से इन द्वीपों पर अपना क्षेत्रीय दावा करता रहा है। दिसंबर में हुई बातचीत में मामले को सुलझाने पर सहमत होने के दो महीने बाद 'ब्लैक ईगल्स' ने जापान के एक एयरबेस पर ईंधन भरा।

शनिवार को कोइज़ुमी और आन ने गैंगवोन प्रांत के एक एयरबेस पर 'ब्लैक ईगल्स' यूनिट का दौरा किया। रविवार की बातचीत में मंत्रियों ने कोरियाई प्रायद्वीप को पूरी तरह से परमाणु मुक्त करने और क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Tags