वॉशिंगटन, 28 जून (हि.स.)।अमेरिका ने एक बार फिर ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य में अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात को बाधित करने या क्षेत्रीय सुरक्षा को प्रभावित करने की कोशिश की, तो वाशिंगटन आवश्यक होने पर सैन्य कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगा।
संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के राजदूत माइक वॉल्ट्ज ने एक टेलीविजन कार्यक्रम में कहा कि यदि ईरान अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में जहाजों की आवाजाही को प्रभावित करने का प्रयास करता है या अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाता है, तो अमेरिका जवाबी कदम उठाने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। अमेरिका इन मार्गों की स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाता रहेगा।
वॉल्ट्ज ने यह भी कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच तकनीकी स्तर पर बातचीत जारी है और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कूटनीतिक समाधान के लिए अवसर देना चाहते हैं। हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि बातचीत के लिए समय और धैर्य की भी एक सीमा होती है।
इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने भी ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा था कि अमेरिका अपने रणनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए सभी विकल्प खुले रखेगा। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि उसका प्रमुख लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि ईरान परमाणु हथियार क्षमता हासिल न कर सके।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय