टीम स्पाइडर्स ने फतह किया हिमाचल प्रदेश का हम्पटा पास, 4,270 मीटर की ऊंचाई पर परचम

युगवार्ता    28-Jun-2026
Total Views |
हेम्पटा पास फतह कर पहुंचे पर्वातारोही


पश्चिम बर्दवान, 28 जून (हि. स.)। साहस, अनुशासन और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन करते हुए हीरापुर स्थित एडवेंचर क्लब ‘टीम स्पाइडर्स’ ने हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध हम्पटा पास ट्रैक को सफलतापूर्वक पूरा कर एक नई उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। 23 से 28 जून तक चले इस पांच दिवसीय अभियान के दौरान टीम ने समुद्र तल से लगभग 4270 मीटर (14 हजार 10 फीट) की ऊंचाई तक पहुंचकर समिट फतह किया।

हम्पटा पास तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था। कठिन मौसम, ऊंचाई, बर्फीले रास्तों और चुनौतीपूर्ण ट्रैकिंग परिस्थितियों के बीच टीम के सदस्यों ने धैर्य और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए लक्ष्य हासिल किया। समिट के दौरान टीम के सदस्य अपने अभियान के बैनर और तिरंगे के साथ नजर आए और इस ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।

टीम के अनुसार, हम्पटा पास ट्रेक केवल एक साहसिक यात्रा नहीं बल्कि मानसिक मजबूती, शारीरिक तैयारी और आत्मविश्वास की असली परीक्षा है। अभियान के दौरान हर सदस्य ने एक-दूसरे का सहयोग करते हुए टीम भावना का परिचय दिया और कठिन रास्तों को पार किया।

इस अभियान में शामिल सदस्यों में सोमनाथ मंडल, सुप्रिया संतकारी, सुबीर संतकारी, दीप अगस्ती, सुदीप धीबर, अभिजीत गराई, विपद तारण दास, सोमनाथ दास तथा देबराज भंडारी शामिल रहे।

टीम स्पाइडर्स की इस उपलब्धि को स्थानीय स्तर पर भी सराहना मिल रही है। अभियान के बाद टीम सदस्यों ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए यादगार रहेगा और आने वाले समय में भी वे ऐसे साहसिक अभियानों को जारी रखेंगे।

टीम ने युवाओं को संदेश दिया कि सही तैयारी, अनुशासन और सामूहिक प्रयास से किसी भी कठिन लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Tags