
मुंबई, 28 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले स्थित समृद्धि हाइवे पर रविवार को सुबह दो वाहनों की टक्कर में एक परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की छानबीन हाइवे पुलिस कर रही है।
घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि चंद्रपुर शहर के बाबूपेठ इलाके में डी.एड. कॉलेज के पास रहने वाला जीवने परिवार रविवार को एक वैगनआर कार में एक फेमिली फंक्शन के लिए अकोला के लिए निकला था। जैसे ही उनकी कार धामनगांव तहसील में समृद्धि हाइवे पर चैनल नंबर 106 के पास पहुंची, तो कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़े कंटेनर को टक्कर मार दी। इस घटना में कार में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में आरती जीवने (40), भास्कर जीवने (57), महादेव जीवने (42), लता जीवने (43) और त्रिशा जीवने (12) (सभी डी.एड. कॉलेज, बाबूपेठ, चंद्रपुर निवासी) शामिल हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही हाइवे पुलिस, स्थानीय पुलिस, एम्बुलेंस और आपातकालीन बचाव दल मौके पर पहुंचा। इसके बाद बचाव दल ने कार में फंसे शवों को बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। शुरुआती जांच में पुलिस ने शुरुआती अनुमान जताया है कि तेज रफ्तार होने के कारण कार ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और खड़े कंटेनर से टकरा गई। इस घटना की गहन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव