
नई दिल्ली, 29 जून (हि.स)। पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने कार्यकारी निदेशक के पद के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। सेबी ने कार्यकारी निदेशक पद के लिए 25 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। कार्यकारी निदेशक की नियुक्ति तीन वर्ष की अवधि के लिए प्रतिनियुक्ति या संविदा के आधार पर की जाएगी।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड की सूचना के मुताबिक संविदा के आधार पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास एमबीए, सीए, सीएस, एलएलबी या अर्थशास्त्र, वित्त अथवा सेबी द्वारा प्रासंगिक माने जाने वाले किसी अन्य विषय में स्नातकोत्तर डिग्री होनी चाहिए। उम्मीदवार के पास प्रतिभूति बाजार से जुड़े मामलों में कम से कम 20 वर्ष का अनुभव या कानून, जांच, वित्त, अर्थशास्त्र और लेखांकन आदि क्षेत्रों में विशेष ज्ञान या अनुभव होना आवश्यक है।
सेबी के मुताबिक सरकारी संगठनों, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और वित्तीय संस्थानों के पात्र कर्मचारी अपने नियोक्ता के जरिए आवेदन भेजकर प्रतिनियुक्ति के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। इस महीने की शुरुआत में सरकार ने सेबी में दो पूर्णकालिक सदस्य के पदों को भरने के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए थे। फिलहाल सेबी में 4 पूर्णकालिक सदस्य कमलेश चंद्र वार्ष्णेय, अमरजीत सिंह, संदीप प्रधान और के. वी. आर. मूर्ति कार्यरत हैं।
पूंजी बाजार नियामक सेबी के निदेशक मंडल में एक चेयरमैन, 4 पूर्णकालिक सदस्य और चार अंशकालिक सदस्य शामिल हैं। वर्तमान में सेबी में 13 कार्यकारी निदेशक कार्यरत हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर