डीजीसीए कासगंज में ट्रेनी एयरक्राफ्ट के क्रैश-लैंडिंग की कर रहा जांच, पायलट सुरक्षित

युगवार्ता    29-Jun-2026
Total Views |
ट्रेनी एयरक्राफ्ट के हादसे का जारी फोटो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 29 जून (हि.स)। विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) सोमवार को उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट की एक खेत में क्रैश-लैंडिंग की जांच कर रहा है। इस विमान हादसे में प्लेन उड़ा रही ट्रेनी महिला पायलट सुरक्षित बताई जा रही है।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने जारी एक बयान में बताया कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में चेतक एविएशन के सेसना 152 एयरक्राफ्ट (वीटी-एएफबी) ने सोलो फ्लाइट (अकेले उड़ान) भरी थी, जो कासगंज के एक खेत में क्रैश-लैंड हो गया। इस हादसे में विमान उड़ा रही महिला प्रशिक्षु पायलट सुरक्षित बताई जा रही हैं। डीजीसीए इस घटना की जांच कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि कासगंज में एक प्रशिक्षण विमान आज हादसे का शिकार हो गया। अलीगढ़ की चेतक एविएशन का ट्रेनी सेसना 152 एयरक्राफ्ट (वीटी-एएफबी) प्रशिक्षण उड़ान के दौरान अचानक संतुलन खो बैठा और बिजली के तारों से टकराने के बाद निर्माणाधीन हाईवे पर जा गिरा। इस हादसे में विमान उड़ा रही महिला प्रशिक्षु पायलट घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए डीजीसीए जांच कर रही है। फिलहाल इस हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags