सीईसी ज्ञानेश कुमार ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का किया उद्घाटन, गलत जानकारियों के प्रसार रोकने पर चर्चा

युगवार्ता    03-Jun-2026
Total Views |
चुनाव आयोग (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बुधवार को भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान (आईआईआईडीईएम) में चुनाव आयोग के दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कहा कि आयोग देशभर में बीएलओ और बीएलए जैसे जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देता है ताकि 100 करोड़ से अधिक मतदाताओं से सहज संपर्क हो सके।

चुनाव आयोग ने यहां आईआईआईडीईएम में बुधवार को वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं और नवाचारों पर मीडिया की भूमिका विषयक इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जो गुरुवार तक चलेगा। इसमें 480 से अधिक प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं, जिनमें जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी (ईआरओ), विषय विशेषज्ञ, शिक्षाविद, शोधार्थी और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के सदस्य शामिल हुए।

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य व्यावहारिक दृष्टिकोण वाले वैश्विक ज्ञान संसाधन विकसित करना है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय अनुभव, मानक मॉडल और सर्वोत्तम प्रथाओं का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। यह प्रयास दिल्ली घोषणा (23 जनवरी) के तहत प्रस्तावित अंतिम विषयगत रिपोर्ट में योगदान देगा। आयोग देशभर में बीएलओ और बीएलए जैसे जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देता है ताकि 100 करोड़ से अधिक मतदाताओं से सहज संपर्क हो सके। हाल ही में हुए राज्य विधानसभा चुनावों में मतदाताओं का विश्वास उनकी सर्वाधिक भागीदारी में परिलक्षित हुआ।

आयोग ने बताया कि सम्मेलन में मीडिया अभियानों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी, जिनमें भ्रामक और गलत जानकारी, एआई‑जनित डीपफेक और सिंथेटिक मीडिया, अपारदर्शी डिजिटल राजनीतिक विज्ञापन और प्लेटफॉर्म गवर्नेंस जैसे विषयों पर प्रमुखता से कार्यक्रम होंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार आयोजन भारत की इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल असिस्टेंस की अध्यक्षता में हो रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags