शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

युगवार्ता    30-Jun-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान लगातार दबाव बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद ही बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में पहुंच गए। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.22 प्रतिशत और निफ्टी 0.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, टाइटन कंपनी और नेस्ले के शेयर 1.63 प्रतिशत से लेकर 0.80 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, आयशर मोटर्स, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, इंफोसिस, टीसीएस और डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज के शेयर 5.35 प्रतिशत से लेकर 1.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,668 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,352 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,316 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 17 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में और 29 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 277.14 अंक की मजबूती के साथ 77,005.51 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद ही चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक ने अपनी पूरी बढ़त गंवा कर लाल निशान में गोता लगा दिया। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली की छिटपुट कोशिश भी करते रहे, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि इस सूचकांक की चाल पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 171.86 अंक टूट कर 76,556.51 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 85.80 अंक उछल कर 24,032.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद मंदड़िये एक्टिव हो गए और शेयरों की अंधाधुंध बिक्री शुरू कर दी। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण थोड़ी ही देर में निफ्टी गिर कर लाल निशान में पहुंच गया। हालांकि पहले आधे घंटे के कारोबार के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी की, जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली सुधार होता हुआ नजर आया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 62.10 अंक की कमजोरी के साथ 23,884.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 372.10 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,728.37 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 109.75 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,946.25 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags