केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल के विकास से जुड़े मुद्दों पर की चर्चा

युगवार्ता    30-Jun-2026
Total Views |
शुभेंदु अधिकारी और भूपेंद्र यादव


कोलकाता, 30 जून (हि.स.)। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से कोलकाता के बिधाननगर स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय मंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना की।

शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भूपेंद्र यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी और मां काली से उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की प्रार्थना की।

उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान पश्चिम बंगाल के विकास और प्रगति से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर केंद्र और राज्य के बीच सकारात्मक सहयोग आगे भी जारी रहेगा।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया) के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कोलकाता पहुंचे हैं। इसी दौरान उन्होंने शुभेंदु अधिकारी से शिष्टाचार भेंट की।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags