
चयनित खिलाड़ी 8 जून को कमला क्लब कानपुर में आयोजित होने वाले ट्रायल में प्रतिभाग करेंगी
मुरादाबाद, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के तत्वावधान में सत्र 2026-27 के लिए अंडर-15 महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के जोनल ट्रायल के लिए मंडल की 17 खिलाड़ियों का गुरुवार को चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी 8 जून को कमला क्लब कानपुर में आयोजित होने वाले ट्रायल में प्रतिभाग करेंगी।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता ने बताया कि सभी चयनित खिलाड़ियों को सुबह सात बजे तक कमला क्लब कानपुर में ट्रायल स्थल पर उपस्थित होना होगा। खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड और मूल जन्म प्रमाणपत्र लाना अनिवार्य है। जोनल ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश स्तर की टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
चयनित खिलाड़ियों में वर्णवि, वैष्णवी, कनिका चौधरी, आलिया, ईशानी, अंकिता सिंह, प्रियांशी आर्या, प्रतीक्षा यादव, आराध्या गौतम, संदेश शाकिर, पायल, दृष्टि, अंशिका, गुंजन चौधरी, तान्या श्रीवास्तव, निकिता दास और वंशिका शर्मा शामिल हैं।
विजय गुप्ता ने आगे बताया कि चयनित खिलाड़ियों के पास अपनी प्रतिभा साबित करने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंडल की खिलाड़ी जोनल ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश टीम में स्थान बनाने में सफल रहेंगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल