
नई दिल्ली, 04 जून (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मिजोरम-म्यांमार सीमा पर म्यांमार की सूखी सुपारी (अरेका नट) की तस्करी से जुड़े संगठित नेटवर्क के खिलाफ गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने मिजोरम के सीमावर्ती शहर चंफाई में नौ स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई का केंद्र तस्करी नेटवर्क से जुड़े प्रमुख स्थानीय सहयोगियों के आवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं।
ईडी ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी म्यांमार से तियाउ नदी के रास्ते बड़ी मात्रा में अवैध सुपारी भारत लाते थे। इसके बाद माल को स्थानीय गोदामों में रखा जाता था और फर्जी ई-वे बिल तथा जाली दस्तावेजों के जरिए उसे स्थानीय स्तर पर खरीदा गया वैध माल बताकर बाजार में खपाया जाता था। जांच एजेंसी के अनुसार, इस अवैध कारोबार के जरिए सैकड़ों करोड़ रुपये का धन उत्पन्न किया गया और उसे विभिन्न माध्यमों से छिपाने तथा वैध दिखाने का प्रयास किया गया।
एजेंसी की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपितों ने सीमा क्षेत्र में अपनी जनजातीय पहचान का लाभ उठाते हुए सीमा शुल्क अधिकारियों के समक्ष ‘फ्रंट क्लेमेंट’ के रूप में भूमिका निभाई। वे जब्त की गई तस्करी की खेप को छुड़ाने के लिए पुराने और असंबंधित आयात दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे तथा माल पर वैध स्वामित्व का दावा करते थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर