लेबनान से इजराइली सेना की वापसी के बिना शांति संभव नहीं : ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड

युगवार्ता    04-Jun-2026
Total Views |

तेहरान, 04 जून (हि.स.)। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने कहा है कि पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए लेबनान से इजराइली सेना की वापसी आवश्यक है। संगठन का मानना है कि क्षेत्र में जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए सभी मोर्चों पर व्यापक युद्धविराम लागू किया जाना चाहिए।

ईरानी मीडिया में जारी एक बयान के अनुसार, आईआरजीसी ने स्पष्ट किया कि किसी भी युद्धविराम व्यवस्था की पहली और सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि संघर्ष से जुड़े सभी क्षेत्रों में हिंसा पूरी तरह बंद हो। संगठन ने विशेष रूप से लेबनान की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां सैन्य कार्रवाई जारी रहने से क्षेत्रीय तनाव कम नहीं हो सकता।

बयान में इजराइल से लेबनानी क्षेत्रों में चल रहे सैन्य अभियानों को तत्काल रोकने और अपनी सेना को विवादित तथा कब्जे वाले इलाकों से हटाकर अंतरराष्ट्रीय सीमा के पीछे ले जाने की मांग की गई। आईआरजीसी का कहना है कि लेबनान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किए बिना किसी स्थायी समाधान तक पहुंचना कठिन होगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags