मप्र के इंदौर में ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में, कृषि सचिव ने लिया जायजा

युगवार्ता    04-Jun-2026
Total Views |
ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों का कृषि सचिव ने लिया जायजा


इंदौर, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में आगामी 9 जून से प्रारंभ होने वाले अंतरराष्ट्रीय महत्व के ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

इसी क्रम में प्रदेश के कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े गुरुवार को इंदौर पहुंचे और आयोजन से जुड़े विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान वरवड़े ने सम्मेलन से संबंधित तैयारियों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थलों पर अतिथियों के स्वागत, आवास, परिवहन, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी व्यवस्थाएं समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंडी एमडी कुमार पुरुषोत्तम, पर्यटन एमडी दिलीप यादव, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, स्मार्ट सिटी के सीईओ अर्थ जैन, कृषि विभाग के उप सचिव रोहित सिसोनिया, संयुक्त संचालक आलोक मीणा, उप संचालक सी.एल. केवड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

कृषि सचिव निशांत वरवड़े ने होटल शेरेटन, मैरियट होटल तथा ग्रामीण हाट बाजार सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से सम्मेलन के दौरान आने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने को कहा।

उल्लेखनीय है कि ब्रिक्स सम्मेलन के आयोजन से इंदौर को वैश्विक स्तर पर अपनी कृषि, नवाचार एवं विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा। सम्मेलन में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिससे कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ज्ञान और अनुभवों का आदान-प्रदान भी होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags