
देहरादून, 04 जून (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण के वक्त लोगों का विजन था कि प्रदेश का भविष्य सुरक्षित होगा, लेकिन दुख इस बात का है कि राज्य बनने के बाद उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों का बाहर के लोग उपयोग कर रहे हैं और उत्तराखंड की सरकार रिमोट कंट्रोल के जरिए दिल्ली से चल रही है।
राहुल गांधी गुरुवार काे अल्मोड़ा की एक जनसभा काे फाेन से संबाेधित कर रहे थे। राहुल गांधी काे आज अल्मोड़ा के सिमकनी स्थित एसएसजे विश्व विद्यालय के खेल मैदान पर परिवर्तन का शंखनाद कार्यक्रम के तहत एक जनसभा काे संबाेधित करना था। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लाेग एकत्र हाे गए थे, लेकिन मौसम खराब होने के चलते पंतनगर से उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। उनके हेलीकॉप्टर ने अल्मोड़ा की ओर उड़ान तो भरी लेकिन उन्हें वापस लौटना पड़ा। पंतनगर एयर पोर्ट से उन्हाेंने फाेन के माध्यम राहुल गांधी ने सभा काे संबाेधित किया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश की आर्थिक स्थिति, पेपर लीक समेत अन्य मामले में अपने संबोधन के माध्यम से लोगों के समक्ष रखा। राहुल गांधी ने लोगों से वायदा किया कि वे जल्द पुनः अल्मोड़ा पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। अल्मोड़ा न पहुंचने के लिए उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से माफी भी मांगी।
जनसभा को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलेजा, पूर्व मंत्री प्रीतम सिंह, विधायक मनोज तिवारी, विधायक मदन बिष्ट, विधायक सुमित ह्रदयेश, भवन कापड़ी, राजकुमार ठकराल, हेमेश खर्कवाल, आदेश चौहान आदि ने संबोधित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल