कमिंस अगले 12 महीनों में ऑस्ट्रेलियाई टीम के सभी बड़े मुकाबलों में उपलब्ध रहेंगे

युगवार्ता    04-Jun-2026
Total Views |
ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान पैट कमिंस


नई दिल्ली, 04 जून (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान पैट कमिंस ने उम्मीद जताई है कि वह अगले 12 महीनों में टीम के सभी बड़े मुकाबलों में उपलब्ध रहेंगे, लेकिन उन्होंने माना कि ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख तेज गेंदबाजी तिकड़ी के लिए पूरे कार्यक्रम में लगातार खेलना आसान नहीं होगा।

पीठ की चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद कमिंस ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग में वापसी की थी। वापसी के बाद उन्होंने अपनी फिटनेस को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं।

कमिंस ने महिला टी-20 विश्व कप 2026 के प्रसारण से जुड़े अमेज़न प्राइम वीडियो के एक मीडिया कार्यक्रम के दौरान कहा कि उनकी फिटनेस रिपोर्ट पूरी तरह सामान्य आई है और अब उनका ध्यान टेस्ट क्रिकेट के लिए खुद को तैयार करने पर है। उन्होंने कहा कि अगला लक्ष्य एक दिन में लंबा गेंदबाजी स्पेल करने और अगले दिन फिर उसी स्तर पर खेलने की क्षमता हासिल करना है।

ऑस्ट्रेलिया के लिए आने वाला एक वर्ष बेहद व्यस्त रहने वाला है, जिसमें टीम अधिकतम 21 टेस्ट मैच खेल सकती है। इस दौरान बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू श्रृंखला, दक्षिण अफ्रीका दौरा, भारत दौरा, इंग्लैंड में एशेज श्रृंखला, न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मुकाबले, मेलबर्न में 150वीं वर्षगांठ टेस्ट और संभावित विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल शामिल हैं।

कमिंस ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से सभी टेस्ट खेलने की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन पूरे कार्यक्रम में एक ही तेज गेंदबाजी तिकड़ी का बने रहना कठिन होगा।

उन्होंने कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि सभी मैच खेलूं, लेकिन रास्ते में परिस्थितियां बदल सकती हैं। 21 टेस्ट में लगातार वही तीन तेज गेंदबाज खेलें, यह बहुत हैरान करने वाली बात होगी। बीच-बीच में बदलाव देखने को मिल सकते हैं।”

ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख तेज गेंदबाजी तिकड़ी में कमिंस के अलावा मिचेल स्टार्क और जॉश हेजलवुड शामिल हैं। पिछले एशेज सत्र के दौरान चोटों के कारण कई बार टीम को बदलाव करने पड़े थे और उस समय स्कॉट बोलैंड, माइकल नेसर, झाय रिचर्डसन और ब्रेंडन डॉगेट जैसे गेंदबाजों ने जिम्मेदारी संभाली थी।

कमिंस ने यह भी संकेत दिए कि टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता देने के लिए उन्हें सीमित ओवरों के क्रिकेट में अपनी भागीदारी कम करनी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि इस गर्मी में बिग बैश लीग में उनका खेलना पहले से कम संभावित नजर आ रहा है।

जॉश हेजलवुड की वापसी पर कमिंस ने भरोसा जताते हुए कहा कि चोटों के बावजूद वह नियमित टेस्ट क्रिकेट खेलने में सक्षम हैं। उन्होंने हाल में इंडियन प्रीमियर लीग में शानदार वापसी कर अपनी उपयोगिता साबित की है।

कमिंस ने कहा कि गेंदबाजी में लय बहुत मायने रखती है और हेजलवुड को फिर से लगातार क्रिकेट खेलते देखना टीम के लिए सकारात्मक संकेत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags