प्रधानमंत्री मोदी पांच जून को गुजरात में 4,950 करोड़ से अधिक की बिजली परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण

युगवार्ता    04-Jun-2026
Total Views |
4,950 करोड़ रुपये से अधिक की बिजली परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण


- नवसारी में विश्व के सबसे बड़े डिजिटल सबस्टेशन का उद्घाटन- गुजरात से महाराष्ट्र तक पहुंचेगी उच्च क्षमता की बिजली- वलसाड में 324 करोड़ की विद्युत वितरण परियोजना से पांच लाख से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

गांधीनगर, 04 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच जून को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सूरत से ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग, गुजरात सरकार तथा पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की कुल 4,950.39 करोड़ रुपये की लागत वाली चार महत्वपूर्ण विद्युत अवसंरचना परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

नवसारी में बनेगा देश की ऊर्जा शक्ति का नया केंद्र

प्रधानमंत्री नवसारी में विश्व के सबसे बड़े डिजिटल सबस्टेशन सहित 4,546 करोड़ रुपये की लागत से विकसित ट्रांसमिशन नेटवर्क विस्तार परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पावरग्रिड कॉरपोरेशन द्वारा सूरत और नवसारी जिलों में विकसित इस परियोजना से गुजरात और महाराष्ट्र के बीच उच्च क्षमता वाले विद्युत प्रवाह को मजबूती मिलेगी तथा अंतरराज्यीय बिजली हस्तांतरण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

परियोजना के तहत नवसारी में अत्याधुनिक डिजिटल सबस्टेशन, नवसारी से महाराष्ट्र के पड़घे तक 765 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन तथा नवसारी से मघरवाड़ा और काला तक 400 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण किया गया है। इससे कच्छ के खावड़ा क्षेत्र में विकसित हो रही अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं से उत्पादित बिजली का सुगम और तेज हस्तांतरण संभव होगा।

ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों के अनुसार नवसारी (न्यू) में स्थापित विश्व का सबसे बड़ा डिजिटल सबस्टेशन भारत के विद्युत प्रसारण क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा और राष्ट्रीय ट्रांसमिशन नेटवर्क में गुजरात की भूमिका को और अधिक मजबूत करेगा।

वलसाड में बिजली वितरण नेटवर्क होगा और सशक्त

प्रधानमंत्री वलसाड जिले में 324.19 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विद्युत वितरण अवसंरचना विकास परियोजना का भी लोकार्पण करेंगे। दक्षिण गुजरात वीज कंपनी लिमिटेड द्वारा रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के तहत विकसित इस परियोजना का उद्देश्य बिजली वितरण नेटवर्क को मजबूत बनाना और उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता की निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है।

परियोजना के अंतर्गत एबी केबलिंग, नए ट्रांसफॉर्मरों की स्थापना, ट्रांसफॉर्मर क्षमता वृद्धि, पुराने कंडक्टरों का प्रतिस्थापन तथा फीडर बाइफर्केशन जैसे कार्य किए गए हैं। इससे बिजली कटौती, लो-वोल्टेज की समस्या, ट्रांसफॉर्मर ओवरलोडिंग और मौसमजनित विद्युत बाधाओं में कमी आएगी।

इस परियोजना से वलसाड जिले के लगभग 5.98 लाख बिजली उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

दो नए 66 केवी सबस्टेशनों का भी होगा उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सूरत जिले के चोर्यासी तालुका में 48.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 66 केवी वणकला-ओखा सबस्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इससे क्षेत्र के लगभग 23,357 बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।

इसके अलावा वलसाड जिले के धरमपुर तालुका में 32 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 66 केवी धामणी सबस्टेशन का भी लोकार्पण किया जाएगा। इस सबस्टेशन से 13 गांवों के करीब 5,064 बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति प्राप्त होगी।

दक्षिण गुजरात को मिलेगा मजबूत ऊर्जा ढांचा

इन सभी परियोजनाओं के शुरू होने से दक्षिण गुजरात का बिजली ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा। साथ ही औद्योगिक, कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता वाली निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। ऊर्जा क्षेत्र में यह निवेश गुजरात को देश के अग्रणी ऊर्जा राज्यों में और मजबूत स्थिति प्रदान करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Tags