वायु सेना प्रमुख ने फ्रांस दौरे में ऑर्लियंस एयरबेस से ए-400एम विमान में उड़ान भरी

युगवार्ता    05-Jun-2026
Total Views |
वायु सेना प्रमुख ने फ्रांस में रक्षा कंपनियों के प्रतिनिधि से मुलाकात की


- तीन दिन की आधिकारिक यात्रा के दौरान प्रमुख रक्षा कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की

नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। भारतीय वायु सेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने फ्रांस की अपनी तीन दिन की आधिकारिक यात्रा के दौरान प्रमुख रक्षा कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की, जिससे 'मेक इन इंडिया' पहल को आगे बढ़ाने में मदद मिली। उन्होंने ऑर्लियंस एयरबेस से ए-400एम विमान में उड़ान भरकर इसकी क्षमता को परखा।

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने बलार्ड के एयर एंड स्पेस फोर्स मुख्यालय में चीफ ऑफ स्टाफ जनरल जेरोम बेलेंजर के साथ द्विपक्षीय बातचीत की। यहां उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' के साथ सैन्य सम्मान दिया गया। एयर चीफ मार्शल ने फ्रांसीसी गणराज्य के राष्ट्रपति के सैन्य स्टाफ प्रमुख जनरल विंसेंट गिराउड से भी मुलाकात की और 'इकोल डी गुएरे', 'इकोल मिलिटेयर' में अधिकारियों को संबोधित किया, जिनमें एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत वहां मौजूद भारतीय ऑफिसर कैडेट भी शामिल थे। एयर स्टाफ प्रमुख ने मोंट-डी-मार्सन एयर कॉम्बैट सेंटर का दौरा किया।

फ्रांस में भारतीय दूतावास ने बताया कि एयर चीफ मार्शल एपी सिंह की इस यात्रा ने भारतीय वायु सेना और फ्रेंच एयर एंड स्पेस फोर्स के बीच गहरी साझेदारी को और मजबूत किया है। एयर चीफ ने ऑर्लियंस एयरबेस से ए-400एम विमान में उड़ान भरी और डसॉल्ट एविएशन, थेल्स, सफरान और एमबीडीए जैसी प्रमुख रक्षा कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की, जिससे 'मेक इन इंडिया' पहल को आगे बढ़ाने में मदद मिली।

भारत ने एक जून को 114 राफेल फाइटर जेट खरीदने के लिए लगभग 3.25 लाख करोड़ रुपये की बड़ी सरकारी-से-सरकारी डील के लिए फ्रांस को 'लेटर ऑफ रिक्वेस्ट' (एलओआर) जारी किया है। इस डील के तहत फ्रांसीसी कंपनी डसॉल्ट एविएशन एक भारतीय कंपनी के साथ मिलकर भारत में 94 राफेल जेट बनाएगी। उम्मीद है कि फ़्रांसीसी पक्ष अगले दो से तीन महीनों में भारत के 'लेटर ऑफ रिक्वेस्ट' या टेंडर का जवाब देगा और दोनों पक्षों के बीच बातचीत और डील अगले एक साल के भीतर पूरी होने की संभावना है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जून के मध्य में फ्रांस का दौरा करने की उम्मीद है और फ्रांसीसी नेतृत्व के साथ बैठकों के दौरान राफेल डील पर भी चर्चा होने की संभावना है। वायु सेना के पास अभी 36 राफेल हैं और नौसेना पहले ही 26 राफेल विमानों का ऑर्डर दे चुकी है। अब 114 राफेल का ऑर्डर देने से भारत के पास यह संख्या 176 हो जाएगी। भारतीय नौसेना ने समुद्री खतरों से निपटने के लिए ऐसे 31 और विमान शामिल करने की इच्छा भी जताई है, इससे देश में राफेल की संख्या 200 से ज्यादा हो सकती है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम

Tags