नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टेज बीएंडबी में बुधवार सुबह लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत के बाद होटल मालिक लवकेश बजाज को लेकर चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच में पता चला है कि जिस लवकेश बजाज को पुलिस ने अग्निकांड मामले में गिरफ्तार किया है, वह पिछले वर्ष भी बांग्लादेशी नागरिकों को फर्जी भारतीय दस्तावेज उपलब्ध कराने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2025 में पहाड़गंज थाना पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान लवकेश बजाज की भूमिका का खुलासा किया था। जांच में सामने आया था कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक फर्जी आधार कार्ड और भारतीय पासपोर्ट के सहारे दिल्ली में रह रहे थे। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि इन दस्तावेजों में इस्तेमाल किए गए पते का संबंध लवकेश बजाज से था।
पहाड़गंज में पकड़ा गया था बांग्लादेशी परिवार
29 जनवरी 2025 को पुलिस को सूचना मिली थी कि पहाड़गंज के संगतराशन इलाके में एक बांग्लादेशी परिवार फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने मकान पर छापा मारा। वहां दो महिलाएं और एक नाबालिग लड़का मिला। पूछताछ के दौरान वे अपनी पहचान से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
तलाशी के दौरान पुलिस को दो बांग्लादेशी पासपोर्ट, एक भारतीय पासपोर्ट, कई आधार कार्ड और बैंकिंग दस्तावेज बरामद हुए। जांच में यह भी सामने आया कि अलग-अलग नामों से बने दस्तावेजों में एक ही महिला की तस्वीरें लगी हुई थीं। इससे फर्जी पहचान बनाकर भारतीय नागरिक होने का संदेह और गहरा गया।
पैसों के बदले दिया था अपना पता
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बांग्लादेशी महिला स्वीटी सरकार उर्फ ब्यूटी हवलदार ने भारतीय पासपोर्ट बनवाने के लिए दक्षिण दिल्ली के छतरपुर एन्क्लेव स्थित एक पते का इस्तेमाल किया था। सत्यापन में यह मकान लवकेश बजाज का निकला।
पूछताछ में लवकेश ने कथित तौर पर स्वीकार किया था कि उसने रुपये लेकर अपना पता इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी। पुलिस का आरोप है कि इसी मदद के जरिए बांग्लादेशी नागरिक भारतीय पहचान दस्तावेज हासिल करने में सफल हुए और लंबे समय तक देश में अवैध रूप से रह सके।
जेल गया, फिर जमानत पर आया बाहर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पहाड़गंज थाने में दर्ज एफआईआर की जांच के बाद लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेजा गया था। करीब 15 दिन जेल में रहने के बाद उसे अदालत से जमानत मिल गई थी। मामले में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है और मुकदमा अभी अदालत में विचाराधीन है।
अब अग्निकांड में गिरफ्तारी
इसी बीच बुधवार को मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टेज बीएंडबी में आग लगने से 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद दक्षिण जिला पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अदालत से उसकी हिरासत मांगी, जिसे मंजूर कर लिया गया।
जांच एजेंसियां अब होटल के संचालन से जुड़े सभी कर्मचारियों, दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही हैं। होटल के अकाउंटेंट जय मिश्रा और मैनेजर राकेश की तलाश में दिल्ली पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एक टीम बिहार भी भेजी गई है।
सूत्रों के अनुसार, अब दक्षिण जिला पुलिस पिछले साल के फर्जी पासपोर्ट मामले की पूरी फाइल भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि होटल संचालन, दस्तावेजों और अन्य गतिविधियों के बीच कोई संबंध तो नहीं था। अग्निकांड और पुराने आपराधिक मामलों के बीच संभावित कड़ियों की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी