शुरुआती कारोबार में उतार चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

युगवार्ता    05-Jun-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार चढ़ाव के बीच मजबूती के साथ ट्रेड करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। राहत की बात यही रही की बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद ये दोनों सूचकांक लगातार हरे निशान में ही बने रहे। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.20 प्रतिशत और निफ्टी 0.14 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचडीएफसी लाइफ, अदानी एंटरप्राइजेज, बजाज फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और टेक महिंद्रा के शेयर 2.54 प्रतिशत से लेकर 1.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, विप्रो, ट्रेंट लिमिटेड, टाटा स्टील, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और कोल इंडिया के शेयर 3.97 प्रतिशत से लेकर 0.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,711 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,856 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 855 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 10 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 29 शेयर हरे निशान में और 21 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 269.93 अंक की मजबूती के साथ 74,629.94 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स उछल कर 74,717.57 अंक तक पहुंचा। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर इसने 74,479.87 अंक के स्तर तक गोता भी लगाया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 150.53 अंक की बढ़त के साथ 74,510.54 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 62.40 अंक उछल कर 23,478.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल ऊपर नीचे होने लगी। लिवाली के सपोर्ट से निफ्टी 23,516.35 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक 23,439.15 अंक के स्तर तक गिर भी गया। राहत की बात यही रही कि बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद यह सूचकांक लगातार हरे निशान में ही कारोबार करता रहा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 32.55 अंक की मजबूती के साथ 23,449.10 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 13.84 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक मजबूती के साथ 74,360.01 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 10.95 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली उछाल के साथ 23,416.55 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags