पाकिस्तानी हवाला नेटवर्क में हरिद्वार से एक और शिक्षिका गिरफ्तार

युगवार्ता    05-Jun-2026
Total Views |

हरिद्वार, 05 जून (हि.स.)। पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध हवाला नेटवर्क और करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरिद्वार की एक और महिला शिक्षक को गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू-कश्मीर ले गई है।

जानकारी के अनुसार जम्मू पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध हवाला नेटवर्क और करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन मामले में शिक्षिका सोनम को गिरफ्तार किया गया था। सोनम से पूछताछ के दौरान शिक्षिका सोनम की सहेली पूजा का नाम सामने आया था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से पूजा की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गुरुवार को जम्मू कश्मीर पुलिस ने पूजा के घर पर छापा मारकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। रुड़की क्षेत्र की रहने वाली पूजा को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू-कश्मीर ले गई है।

हरिद्वार के एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि पूजा एमएससी की छात्रा है और एक कॉलेज में पढ़ाती है। पढ़ाई और नौकरी के दौरान उसकी दोस्ती सोनम से हुई थी। जांच में सामने आया है कि दोनों युवतियां जम्मू-कश्मीर के ऐसे युवकों के संपर्क में थीं, जिनके तार पाकिस्तान से जुड़े होने की आशंका है।

पुलिस जांच के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के कुछ युवक दोनों के खातों में धनराशि भेजते थे। इसके बाद यह रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती थी। इस पूरे नेटवर्क में कमीशन के बदले बैंकिंग चैनलों का इस्तेमाल कर संदिग्ध ट्रांजेक्शन किए जा रहे थे। मामले की शुरुआत कठुआ जिले में राहुल खान नामक युवक की गिरफ्तारी से हुई थी। पूछताछ में राहुल ने सोनम का नाम बताया था। सोनम की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ कि वह अपनी मित्र पूजा के माध्यम से उमर नामक व्यक्ति के संपर्क में आई थी। उमर ने उसे अपने रिश्तेदार हसीन से मिलवाया था। इसके बाद सोनम को पार्सल के जरिए एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंक पासबुक उपलब्ध कराई गईं।

जांच एजेंसियों के अनुसार, सोनम विभिन्न खातों में आने वाली रकम को कई अन्य खातों में ट्रांसफर करती थी। अब तक 20 से 25 खातों में धनराशि भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। प्रत्येक ट्रांजेक्शन पर उसे कमीशन मिलता था। पुलिस के अनुसार, उसने करीब 20 लाख रुपये विभिन्न माध्यमों से ट्रांसफर किए, जिसके बदले लगभग दो लाख रुपये कमीशन प्राप्त हुआ। सोनम की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से कई मोबाइल सिम, एटीएम कार्ड, लैपटॉप और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए थे। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ा और पूजा की भूमिका भी सामने आई।

अब जम्मू-कश्मीर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सोनम और पूजा ने मिलकर कुल कितनी राशि का लेनदेन किया और क्या इस धन का इस्तेमाल किसी देशविरोधी या अन्य संदिग्ध गतिविधियों के लिए किया जाना था। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों की भी तलाश कर रही हैं।

इस मामले ने हरिद्वार समेत पूरे उत्तराखंड में सनसनी फैला दी है, क्योंकि शिक्षण कार्य से जुड़ी दो युवतियों के नाम कथित तौर पर अंतरराज्यीय हवाला नेटवर्क से जुड़ने के आरोपों में सामने आए हैं। हालांकि अंतिम सत्य पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Tags