पार्टी छोड़ने की अटकलों के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अमित शाह से की मुलाकात

युगवार्ता    06-Jun-2026
Total Views |
कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने की गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात


पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात करते हुए


नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। शिरोमणि अकाली दल के भीतर मचे घमासान और भारतीय जनता पार्टी को छोड़ने की अटकलों के बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पटियाला के महाराजा कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भी भेंट की।

मुलाकात के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के साथ पंजाब के हितों और राज्य से संबंधित कई अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया।

पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए एक्स पर लिखा कि आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा जी से मुलाकात की और पंजाब से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

उल्लेखनीय है कि पंजाब भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सरदार केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति को लेकर कैप्टन अमरिंदर नाराज चल रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह हाल के दिनों में कई बार सार्वजनिक तौर पर पार्टी में अपनी बात नहीं सुने जाने का मुद्दा उठा चुके हैं। वे कई मंचों पर पार्टी के साथ नाराजगी जता चुके हैं। इस नाराजगी की जानकारी हाल ही में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के उस बयान ने दी जिसमें उन्होंने कहा था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह उनके संपर्क में हैं और दोनों पुराने मित्र हैं। इसके बाद कैप्टन की कांग्रेस में वापसी को लेकर भी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags