केंद्र ने झारखंड के महिला किसान उत्पादक समूह के 1.5 मीट्रिक टन आम्रपाली आम यूके भेजे

युगवार्ता    07-Jun-2026
Total Views |
झारखंड के सिमडेगा जिले की महिला किसान उत्पादक कंपनी द्वारा उत्पादित 1.5 मीट्रिक टन आम्रपाली आमों की पहली वाणिज्यिक खेप को यूनाइटेड किंगडम के लिए रवाना करते अधिकारी।


नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार ने झारखंड के सिमडेगा जिले में महिलाओं द्वारा संचालित किसान उत्पादक कंपनी (एफपीसी) के आम्रपाली आमों की पहली वाणिज्यिक खेप यूनाइटेड किंगडम (यूके) भेजी है।

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) की पहल से 1.5 मीट्रिक टन आम्रपाली आम लंदन निर्यात किए गए हैं, जिससे महिला किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिली है। आमों की इस पहली खेप को 04 जून को कोलकाता से रवाना किया गया। खेप में शामिल आम सिमडेगा जिले के बानो प्रखंड स्थित महिलाओं द्वारा संचालित बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से लिये गए।

मंत्रालय ने बताया कि एपीडा ने 05 मई को सिमडेगा जिले के किसान उत्पादक संगठनों, किसान उत्पादक कंपनियों और प्रगतिशील किसानों के लिए निर्यात उन्मुख क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें निर्यात मानकों, गुणवत्ता आवश्यकताओं और वैश्विक बाजार की संभावनाओं की जानकारी दी गई थी। इसके बाद एपीडा ने बेउरा एफपीसी और निर्यातक कंपनी के बीच संपर्क स्थापित कर निर्यात गुणवत्ता वाले आमों की खरीद सुनिश्चित कराई।

इससे किसान उत्पादक कंपनी सीधे निर्यात मूल्य श्रृंखला का हिस्सा बनी है। इससे जुड़े किसानों को घरेलू बाजार की तुलना में बेहतर मूल्य प्राप्त हुआ है। मंत्रालय के अनुसार, यह कदम क्षेत्र में गुणवत्ता आधारित उत्पादन, बेहतर फसलोत्तर प्रबंधन और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुपालन को बढ़ावा देगा।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इसे लोकल गोज ग्लोबल का सशक्त उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड के सिमडेगा की महिला किसान उत्पादक कंपनी द्वारा उगाए गए आम्रपाली आम अब यूनाइटेड किंगडम पहुंचने वाले हैं। एपीडा के निरंतर प्रयासों से किसानों को बेहतर मूल्य, महिलाओं को नई पहचान और भारत के कृषि निर्यात को नई गति मिल रही है।

मंत्रालय के अनुसार, झारखंड की कृषि-जलवायु परिस्थितियां बागवानी फसलों के लिए अनुकूल हैं। राज्य में उत्पादित आम्रपाली आम अपनी गुणवत्ता और बाजार स्वीकार्यता के लिए जाने जाते हैं। इस खेप के साथ झारखंड भी उन राज्यों की सूची में शामिल हो गया है, जहां से ताजे फल अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात किए जा रहे हैं।

एपीडा कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए बाजार विकास, क्षमता निर्माण, गुणवत्ता सुधार, ट्रेसबिलिटी प्रणाली और निर्यात प्रोत्साहन गतिविधियों के माध्यम से सहायता प्रदान करता है। साथ ही महिला और जनजातीय किसान समूहों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags