छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पीडिया के जंगल से 3 आईईडी और 2 नक्सल डंप बरामद

युगवार्ता    08-Jun-2026
Total Views |
पीडिया के जंगल से 3 आईईडी व 2 नक्सल डंप बरामद


बीजापुर, 08 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलवाद समाप्त होने के बाद भी लगातार एंटी नक्सल ऑपरेशन जारी है। गोपनीय सूचना के आधार पर हर्रा/अर्रा (पीडिया) गांव के जंगल में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान आज साेमवार काे 3 आईईडी और 2 नक्सल डंप बरामद किए गए।

यह कार्रवाई कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन में की गई। बरामद डंप से गन पाउडर, जिलेटिन स्टिक, कमर्शियल डेटोनेटर और मेडिकल सामग्री सहित कुल 21 प्रकार के नक्सल सामग्री बरामद किए गए, जिन्हें नक्सलियों ने छिपाकर रखा था।

गोपनीय सूचना के आधार पर कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन एवं द्वितीय कमान अधिकारी कुमार नीरज की देख-रेख में एफ/199 कंपनी ने हर्रा/अर्रा (पीडिया) गांव के घने जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। कंपनी कमांडर केबी. पांडा के नेतृत्व में जवानों ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर चरणबद्ध सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। अभियान के दौरान नक्सलियों के छिपाकर रखे गए 3 आईईडी और 2 नक्सल डंप बरामद किए गए। तलाशी में मिले डंप से आईईडी निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री जैसे गन पाउडर, जिलेटिन स्टिक, कमर्शियल डेटोनेटर के साथ 15 मेडिकल सामग्री सहित कुल 21 प्रकार की नक्सल सामग्री जब्त की गई।

सुरक्षाबलों के अनुसार हर्रा/अर्रा और आस-पास का क्षेत्र पूर्व में नक्सली गतिविधियों के लिए संवेदनशील रहा है, लेकिन लगातार चल रहे अभियानों के चलते अब यहां नक्सल प्रभाव लगभग समाप्त हाे गया है। सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है। बल के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम लोगों की सुरक्षा, शांति और विकास सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। भविष्य में भी इस तरह के अभियानों को ज्यादा प्रभावी ढंग से जारी रख जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Tags