
भुवनेश्वर, 08 जून (हि.स.)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के हेलीकॉप्टर को सोमवार को खराब मौसम के चलते पुरी में एहतियातन उतारना पड़ा। प्रतिकूल मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर का भुवनेश्वर में निर्धारित लैंडिंग करना संभव नहीं हो सका।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री माझी मयूरभंज जिले में एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद भुवनेश्वर लौट रहे थे। इसी दौरान भुवनेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम खराब होने से उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हेलीकॉप्टर को पुरी की ओर मोड़ दिया गया, जहां इसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
हेलीकॉप्टर ने पुरी के समंगा अस्थायी बस स्टैंड परिसर में सुरक्षित रूप से उतरान भरी। अचानक हुई इस लैंडिंग के बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
अधिकारियों ने बताया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय पूरी तरह एहतियातन लिया गया था। इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है और मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मुख्यमंत्री की आगे की यात्रा को लेकर समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो