ईरान ने इजराइल के खिलाफ सैन्य अभियान रोकने की घोषणा की, लेबनान पर हमले दोहराने पर दी कड़ी चेतावनी

युगवार्ता    08-Jun-2026
Total Views |

तेहरान, 08 जून (हि.स.)। ईरान की सशस्त्र सेनाओं ने इजराइल के खिलाफ अपने सैन्य अभियान को समाप्त करने की घोषणा की है। हालांकि, तेहरान ने चेतावनी दी है कि यदि दक्षिणी लेबनान या बेरूत के उपनगरों पर दोबारा हमले किए गए तो पहले से कहीं अधिक कठोर जवाब दिया जाएगा।

ईरानी मीडिया में जारी सैन्य मुख्यालय के बयान के अनुसार दक्षिणी लेबनान और दाहियेह क्षेत्र में इजराइली सैन्य कार्रवाइयों के जवाब में ईरान ने अपने सहयोगी लेबनानी पक्ष के समर्थन में कार्रवाई की थी। बयान में कहा गया कि इस जवाबी कार्रवाई का उद्देश्य इजराइल को संदेश देना था कि क्षेत्र में सैन्य हस्तक्षेप के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

ईरान की ओर से यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब अमेरिका शांति समझौते की दिशा में प्रयास तेज करने की बात कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालिया हमलों और जवाबी कार्रवाइयों के बाद दोनों पक्षों से तत्काल सैन्य गतिविधियां रोकने की अपील की थी।

ईरानी सशस्त्र बलों ने अपने बयान में कहा कि फिलहाल सैन्य अभियान रोक दिया गया है, लेकिन यदि लेबनान में फिर से सैन्य कार्रवाई या तनाव बढ़ाने वाली गतिविधियां होती हैं तो उसका जवाब पहले की तुलना में अधिक सख्त और व्यापक होगा।

इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने कहा कि देश की प्राथमिकता राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिकों की शांति सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ईरान अपने राष्ट्रीय हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी दबाव के आगे पीछे नहीं हटेगा।

राष्ट्रपति ने यह भी संकेत दिया कि तेहरान कूटनीतिक प्रयासों को जारी रखने का पक्षधर है। उनके अनुसार, राष्ट्रीय शक्ति केवल सैन्य क्षमता तक सीमित नहीं है, बल्कि संवाद और कूटनीति भी उसकी महत्वपूर्ण आधारशिला हैं।

वहीं, अमेरिका युद्धविराम और शांति समझौते की कोशिशों में जुटा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इजराइल और ईरान दोनों संघर्ष रोकना चाहते हैं और अंतिम समझौते को लेकर बातचीत आगे बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि समझौता होने तक ईरान पर लगी नाकाबंदी जारी रहेगी।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags