विकसित भारत के संकल्प में सभी का सहयोग जरूरी: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

युगवार्ता    08-Jun-2026
Total Views |
लाेकसभा स्पीकर ओम बिरला बस में सफर करके समाराेह स्थल पर जाते हुए


लाेकसभा स्पीकर ओम बिरला चंडीगढ़ में सीपीए सम्मेलन काे संबाेधित करते हुए


चंडीगढ़, 08 जून (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि ‘विकसित भारत’ का संकल्प एक राष्ट्रीय संकल्प है, जिसमें देश के प्रत्येक नागरिक और संस्था को सहयोग करना होगा।

यह बात लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा विधान सभा के चैम्बर में आयोजित कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन इंडिया रीजन ज़ोन-2 (नॉर्थ ज़ोन) कॉन्फ्रेंसल के उद्घाटन सत्र में कही। उन्होंने कहा कि इस संकल्प को साकार करने के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि हमारी नीतियां, योजनाएं, कार्यक्रम और बजटीय प्रावधान समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले हों।

इस अवसर पर राज्य सभा के उप सभापति हरिवंश, हरियाणा के मुख्य मंत्री नायब सिंह, हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, हरियाणा सरकार के संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा सहित राज्य सरकार के अन्य मंत्री और विधान सभा सदस्य उपस्थित रहे।

दो दिवसीय सीपीए इंडिया रीजऩ ज़ोन-टू (नॉर्थ ज़ोन) कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र में देश के 12 राज्यों की विधायिकाओं के पीठासीन अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसमें हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली—की विधायिकाओं के पीठासीन अधिकारियों के अतिरिक्त अन्य राज्यों, जैसे—मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, उत्तर प्रदेश सिक्किम और पश्चिम बंगाल की विधायिकाओं के पीठासीन अधिकारियों ने भी सहभागिता की।

बिरला ने कहा कि दुनिया के विकसित देशों में हो रहे परिवर्तनों का बारीकी से अध्ययन करते हुए भारत ने अपनी सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप समय-समय पर आवश्यक और व्यावहारिक बदलाव किए हैं।

लोक सभा अध्यक्ष ने आह्वान किया कि देश में ऐसा जनआंदोलन खड़ा होना चाहिए जिससे प्रत्येक नागरिक यह महसूस कर सके कि विकसित भारत के निर्माण में उसका भी अमूल्य योगदान है। लोकसभा अध्यक्ष ने सुझाव भी दिया कि हमारे विधानमंडलों में बनने वाली नीतियां और कानून नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और आवश्यकताओं के अनुरूप होने चाहिए।

संसदीय लोकतंत्र में जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए बिरला ने कहा कि चाहे ग्राम पंचायत हो, पंचायत समिति हो, जिला परिषद हो, नगर पालिका हो, विधानसभा हो या लोकसभा—लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में जनभागीदारी बढऩे से नए विचार, विविध दृष्टिकोण और रचनात्मक सुझाव सामने आते हैं, जिससे विकास की गति को नई ऊर्जा मिलती है।

कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन से पूर्व, लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हरियाणा विधानसभा भवन में नवस्थापित 'पार्लियामेंट्री रिसर्च एंड इन्फ़ॉर्मेशन सेंटर का भी उद्घाटन किया, जो विधायी कार्यों की गुणवत्ता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। इस सम्मेलन में सभी प्रतिनिधियों के आवागमन की व्यवस्था ई-बसों के माध्यम से की गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उद्घाटन सत्र के समापन के बाद प्रतिनिधियों के साथ ई-बस में रवाना हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Tags