गोयल ने 'भारत औद्योगिक विकास योजना' शुरू करने के लिए लॉन्च किया 'भव्य' पोर्टल

युगवार्ता    08-Jun-2026
Total Views |
नई दिल्ली में 'भव्य' पोर्टल को लॉन्च करते पीयूष गोयल


नई दिल्ली, 08 जून (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को नई दिल्ली में 'भारत औद्योगिक विकास योजना' को शुरू करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए 'भव्य' पोर्टल लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि राज्यों में औद्योगिक पार्कों के प्रतिस्पर्धी विकास को बढ़ावा देने के लिए भव्य योजना की शुरुआत की गई है।

गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने अवसंरचना सुधारों और डिजिटल कनेक्टिविटी के विकास पर फोकस करते हुए एक मजबूत आधार तैयार किया है। उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य देशभर में 100 विश्वस्तरीय, निवेश के लिए तैयार 'औद्योगिक पार्क' विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि 'भारत औद्योगिक विकास योजना' के तहत भव्य पार्कों में स्टार्ट-अप, डीप-टेक, अनुसंधान एवं विकास और नवाचार-आधारित उद्यमों के लिए समर्पित स्थान शामिल होंगे।

गोयल ने कहा कि बीआईएस, ईआईए और एफएसएसएआई के सहयोग से भव्य पार्कों में आधुनिक परीक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि एनआईसीडीसी समर्पित डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भव्य योजना के कार्यान्वयन और निगरानी का नेतृत्व करेगा।

केंद्रीय मंत्रिमंडल से 33,660 करोड़ रुपये के बजट के साथ मंज़ूर किया गया 'भव्य' केंद्र सरकार का एक प्रमुख कार्यक्रम है, जिसका मकसद छह साल की अवधि में निवेश के लिए तैयार विश्व-स्तरीय 100 औद्योगिक पार्क विकसित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags