तिरुप्परंकुंद्रम विवाद : भाजपा अध्यक्ष ने टीवीके और मुख्यमंत्री विजय पर लगाए गंभीर आरोप

युगवार्ता    08-Jun-2026
Total Views |

चेन्नई, 08 जून (हि.स.)। तमिलनाडु में तिरुप्परंकुंद्रम विवाद को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री विजय और उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) पर हमला बोला है। उन्होंने टीवीके पर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) की “निम्नस्तरीय राजनीति” को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया है।

नैनार नागेंद्रन ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद तिरुप्परंकुंद्रम स्थित दीप स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति नहीं देने संबंधी बयान टीवीके विधायक और मंत्री निर्मल कुमार द्वारा दिए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि टीवीके मंत्री आदव अर्जुना भी इस रुख का समर्थन कर रहे हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री विजय से सवाल करते हुए कहा कि जब उनकी पार्टी के विधायक और मंत्री भगवान मुरुगन के भक्तों के धार्मिक अधिकारों के खिलाफ बयान दे रहे हैं, तब मुख्यमंत्री अब तक मौन क्यों हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि आखिर राज्य का वास्तविक नेतृत्व कौन कर रहा है।

नागेंद्रन ने आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय की तीन न्यायाधीशों की पीठ के निर्णय का सम्मान करने के बजाय सरकार के मंत्री एक विशेष पक्ष के समर्थन में और हिंदू भावनाओं के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रवैया न्यायालय के आदेशों की अवहेलना के समान है।

उन्होंने आगे कहा कि चुनाव से पहले अलग रुख अपनाना और सत्ता मिलने के बाद मुरुगन भक्तों के धार्मिक अधिकारों का विरोध करना टीवीके की राजनीति को उजागर करता है। नागेंद्रन ने आरोप लगाया कि पार्टी अल्पसंख्यक वोट बैंक को साधने के लिए हिंदू भावनाओं का इस्तेमाल कर रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि द्रमुक की “विचारधारा” को टीवीके भी आगे बढ़ा रही है, जिसमें राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने टीवीके पर तीखा प्रहार करते हुए उसे “विश्वासघाती शक्ति” करार दिया।

तिरुप्परंकुंद्रम विवाद को लेकर दिए गए इन बयानों के बाद तमिलनाडु की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Tags