
यश राज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित स्पाई यूनिवर्स फिल्म 'अल्फा' का टीज़र 10 जून को रिलीज किया जाएगा। आलिया भट्ट और शरवरी अभिनीत इस फिल्म की पहली झलक एक ऐसी लड़की की ओरिजिन स्टोरी पेश करेगी, जिसे एक खतरनाक असैसिन बनने के लिए तैयार किया जाता है। वायआरएफ स्पाई यूनिवर्स की यह पहली ऐसी फिल्म है, जिसकी कहानी एक महिला हत्यारे के सफर पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन 'द रेलवे मेन' फेम शिव रवैल ने किया है।
सूत्रों के अनुसार, टीज़र रिलीज के साथ ही फिल्म का बड़ा मार्केटिंग और प्रमोशनल अभियान भी शुरू होगा। इस अभियान का केंद्र केवल फिल्म नहीं, बल्कि 'अल्फा' नाम से जुड़ी सोच और रवैया होगा। बताया जा रहा है कि आदित्य चोपड़ा और उनकी टीम ने एक बहुस्तरीय रणनीति तैयार की है, जिसके तहत डिजिटल कैंपेन, युवाओं से जुड़े कार्यक्रम और देशभर में विभिन्न गतिविधियों के जरिए आधुनिक भारत की आत्मविश्वासी और बेबाक युवा पीढ़ी का जश्न मनाया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि फिल्म का प्रचार अभियान खास तौर पर महिलाओं के सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता के विचार को सामने रखेगा। 'अल्फा' को एक ऐसे प्रतीक के रूप में पेश किया जाएगा, जो अपनी किस्मत खुद लिखने और सामाजिक बंधनों को चुनौती देने की सोच का प्रतिनिधित्व करता है। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी के अलावा बॉबी देओल और अनिल कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। वायआरएफ की यह मेगा बजट एक्शन थ्रिलर इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे