हरियाणा में सड़क की धूल कम करने को सीएसआईआर-सीआरआरआई और राज्य सरकार के बीच समझौता

युगवार्ता    08-Jun-2026
Total Views |
हरियाणा में सड़क की धूल कम करने के लिए  सीएसआईआर-सीआरआरआई  और राज्य सरकार के बीच समझौता


नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण और सड़क की धूल की समस्या से निपटने के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद्- केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीआरआरआई) और हरियाणा सरकार के बीच सोमवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत शहरी सड़कों पर धूल नियंत्रण, हरित विकास और आधुनिक सड़क अवसंरचना को बढ़ावा दिया जाएगा। इस परियोजना में स्कूल ऑफ प्लानिंग एडं आर्किटेक्चर का सहयोग लिया जाएगा और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग का मार्गदर्शन लिया जाएगा।

परियोजना के तहत चार प्रमुख क्षेत्रों पर काम किया जाएगा— शहरी सड़कों के मानक विकसित करना, सड़क किनारे हरित पट्टियां विकसित कर धूल नियंत्रण, रोड एसेट मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए रखरखाव में सुधार तथा सड़क निर्माण और मरम्मत में नई तकनीकों का उपयोग।

एसपीए में आयोजित समझौता ज्ञापन समारोह में सीएसआईआर -सीआरआरआई के निदेशक डॉ. रवि शेखर ने कहा कि सड़क धूल को कम करने और शहरी वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी उपायों की आवश्यकता है।

वहीं, हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार ने परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता जताई।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में सड़क की धूल को वायु प्रदूषण का एक प्रमुख कारण माना जाता है। ऐसे में यह पहल प्रदूषण नियंत्रण और टिकाऊ शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags