एनएलसी इंडिया ओएफएस पांच गुना ओवर-सब्सक्राइब, संस्थागत खरीदारों ने 4,158 करोड़ रुपये की बोलियां लगाईं

युगवार्ता    09-Jun-2026
Total Views |
एनएलसी इंडिया लिमिटेड के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 09 जून (हि.स)। सार्वजनिक क्षेत्र की नवरत्न कंपनी एनएलसी इंडिया लिमिटेड में सरकार के बिक्री प्रस्ताव (ओएफएस) को पहले ही दिन संस्थागत (गैर-खुदरा) निवेशकों से भारी प्रतिक्रिया मिली। सरकार द्वारा पेश किए गए 2.49 करोड़ शेयरों के मुकाबले गैर-खुदरा श्रेणी में 5 गुना से अधिक बोलियां प्राप्त हुईं, जिससे सरकार को 4,158 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि केंद्र सरकार के एनएलसी इंडिया में तीन फीसदी शेयरों की बिक्री को पहले दिन निवेशकों से 5.22 गुना बोलियां मिलीं। गैर-खुदरा निवेशकों ने 4,158 करोड़ रुपये मूल्य की बोली लगाई। वहीं, गैर-खुदरा निवेशकों ने सांकेतिक मूल्य पर 13.03 करोड़ शेयर के लिए बोली लगाई, जबकि पेशकश 2.49 करोड़ शेयरों की थी। इसके बाद सरकार ने 'ग्रीन शू विकल्प' का उपयोग करके पूरी 3 फीसदी हिस्सेदारी बेचने का फैसला किया है।

सरकार दो दिन के ओएफएस के जरिए एनएलसी इंडिया में लगभग 4.16 करोड़ शेयर, यानी 3 फीसदी तक की हिस्सेदारी, 303 रुपये प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर बेच रही है। खुदरा निवेशकों के लिए यह निर्गम बुधवार, 10 जून को खुलेगा। वर्तमान में सरकार की एनएलसी इंडिया में 72.20 फीसदी हिस्सेदारी है।

उल्लेखनीय है कि सरकार ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अल्पांश हिस्सेदारी बेचकर 12,166 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इनमें कोल इंडिया से 5,542 करोड़ रुपये, एनएचपीसी से 4,357 करोड़ रुपये और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 2.27 करोड़ रुपये शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags