सरबजोत, लक्ष्यिता, अखिल और साक्षी ने टी4 राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में जीते स्वर्ण पदक

युगवार्ता    09-Jun-2026
Total Views |
सरबजोत, लक्ष्यिता, अखिल और साक्षी ने टी4 राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में जीते स्वर्ण पदक


देहरादून/नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता सरबजोत सिंह, आर्मी की लक्ष्यिता, पूर्व विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता अखिल शेओरान और महाराष्ट्र की साक्षी सुनील पाडेकर ने टी4 राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज की त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतियोगिता में देश के शीर्ष निशानेबाजों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले।

पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सरबजोत सिंह ने 245.9 अंकों के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। आर्मी के अजेंद्र सिंह चौहान ने उन्हें कड़ी चुनौती दी, लेकिन 245.1 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। वहीं विश्व चैंपियन सम्राट राणा 221.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। क्वालिफिकेशन में आठवें स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंचीं लक्ष्यिता ने शानदार संयम का प्रदर्शन करते हुए हरियाणा की सुरभि राव को मात्र 0.2 अंकों के अंतर से हराया। लक्ष्यिता ने 240.0 अंक अर्जित किए, जबकि सुरभि 239.8 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। उत्तर प्रदेश की मानसी आनंद ने कांस्य पदक जीता।

पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन्स स्पर्धा में अखिल श्योराण ने बेहद करीबी मुकाबले में नेवी के नीरज कुमार को 0.2 अंकों से पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। अखिल ने 358.3 अंक बनाए, जबकि नीरज 358.1 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 345.4 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन्स स्पर्धा में महाराष्ट्र की साक्षी सुनील पाडेकर ने कर्नाटक की तिलोत्तमा सेन को रोमांचक मुकाबले में हराकर स्वर्ण पदक जीता। साक्षी ने 358.2 अंक हासिल किए, जबकि तिलोत्तमा 357.8 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। मध्य प्रदेश की आशी चौकसे तीसरे स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के बाद जारी राष्ट्रीय रैंकिंग में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में केदारलिंग बालकृष्ण उचगांवकर शीर्ष पर बने हुए हैं। महिलाओं में सुरुचि पहले स्थान पर कायम हैं। वहीं पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन्स रैंकिंग में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और महिलाओं में आशी चौकसे शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं।

टी4 राइफल एवं पिस्टल ट्रायल्स का समापन बुधवार को पुरुष और महिला 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धाओं के साथ होगा। इन ट्रायल्स के आधार पर आगामी एशियन गेम्स और आईएसएसएफ विश्व कप होंग्झू सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भारतीय राइफल और पिस्टल टीमों के चयन की उम्मीद है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags