नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की अखिल भारतीय प्रवेश परीक्षा (एआईईईए)-पीजी तथा अखिल भारतीय प्रतियोगी परीक्षा (एआईसीई)-जेआरएफ/एसआरएफ (पीएचडी)-2026 के लिए प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी कर दिए हैं। दोनों परीक्षाएं 4 जुलाई को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में आयोजित की जाएंगी।
एनटीए की ओर से बुधवार को जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार एआईईईए (पीजी) परीक्षा 4 जुलाई को प्रथम पाली में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी, जबकि एआईसीई-जेआरएफ/एसआरएफ (पीएचडी) परीक्षा उसी दिन द्वितीय पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
एजेंसी ने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शहर की अग्रिम सूचना (एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप) 25 जून को पहले ही जारी की जा चुकी है। अब उम्मीदवार अपने लॉगिन क्रेडेंशियल का उपयोग कर आईसीएआर परीक्षा पोर्टल से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उनका पालन करें। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड अस्थायी (प्रोविजनल) रूप से जारी किए गए हैं और यह पात्रता की अंतिम स्वीकृति नहीं मानी जाएगी। पात्रता का सत्यापन प्रवेश प्रक्रिया के आगामी चरणों में किया जाएगा।
एनटीए ने यह भी कहा कि प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड में किसी भी प्रकार का परिवर्तन या छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए तथा भविष्य के संदर्भ के लिए इसकी एक प्रति सुरक्षित रखनी चाहिए।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अभ्यर्थी एनटीए हेल्पडेस्क 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा [email protected] पर ई-मेल भेज सकते हैं। एजेंसी ने उम्मीदवारों से परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से एनटीए और आईसीएआर परीक्षा पोर्टल पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार