ईरान-इजराइल संघर्ष थमने के बाद बेन गुरियन एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बहाल

युगवार्ता    01-Jul-2026
Total Views |
ईरान में सैन्य संघर्ष थमने के बाद लुफ्थांसा और आईटीए एयरवेज ने इजराइल के बेन गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए अपनी उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कीं।


तेल अवीव, 01 जुलाई (हि.स.)। ईरान के साथ हालिया सैन्य संघर्ष थमने और क्षेत्रीय तनाव में कमी आने के बाद जर्मनी की प्रमुख एयरलाइन लुफ्थांसा और इटली की आईटीए एयरवेज ने इजराइल के बेन गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए अपनी उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं।

लुफ्थांसा समूह, जिसमें लुफ्थांसा, स्विस, ऑस्ट्रियन एयरलाइंस, ब्रुसेल्स एयरलाइंस और यूरोविंग्स शामिल हैं, चरणबद्ध तरीके से तेल अवीव के लिए अपनी सेवाएं बहाल कर रहा है। समूह की ऑस्ट्रियन एयरलाइंस ने 02 जून से ही उड़ानें शुरू कर दी थीं, जबकि यूरोविंग्स के जुलाई के मध्य तक और स्विस के 01 अगस्त से ज्यूरिख-तेल अवीव मार्ग पर प्रतिदिन उड़ानें संचालित करने की योजना है।

स्पेन की एयर यूरोपा ने भी 29 जून से मैड्रिड और तेल अवीव के बीच अपनी नियमित उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू कर दी हैं।

हालांकि, सभी विदेशी एयरलाइंस ने अभी परिचालन बहाल नहीं किया है। एयर फ्रांस ने 02 जुलाई तक अपनी उड़ानें रद्द रखने का फैसला किया है, जबकि ब्रिटिश एयरवेज ने सुरक्षा कारणों से अक्टूबर तक इजराइल के लिए अपनी सेवाएं निलंबित कर दी हैं। वहीं, अमेरिका की प्रमुख विमानन कंपनियों, जिनमें डेल्टा एयर लाइंस भी शामिल है, ने अपनी वापसी सितंबर तक टाल दी है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags